MP के वृद्धजनों को CM मोहन ने दी बड़ी सौगात, खातों में ट्रांसफर किए 327.15 करोड़ रुपए
Saturday, Jan 24, 2026-09:02 PM (IST)
भोपाल (इजहार खान) : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में वृद्धजनों के लिए निर्मित अत्याधुनिक और सर्वसुविधायुक्त वृद्धाश्रम का लोकार्पण किया। 24 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह वृद्धाश्रम प्रदेश का पहला ऐसा भवन है, जिसमें वरिष्ठ नागरिकों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। मुख्यमंत्री ने इसे समाज के लिए एक प्रेरणादायी पहल बताया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने दिव्यांगजनों के लिए आयोजित स्पर्श मेले के विजेताओं को सम्मानित किया और वरिष्ठ नागरिकों के बैंक खातों में पेंशन राशि का अंतरण भी किया। उन्होंने कहा कि आज का दिन कई मायनों में विशेष है, क्योंकि यह समाज के उन वर्गों को सम्मान और सुरक्षा देने का अवसर है, जिन्होंने जीवनभर योगदान दिया है।
आज भोपाल में नवनिर्मित ओल्ड एज होम 'संध्या छाया' का लोकार्पण किया। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत 54.52 लाख से अधिक हितग्राहियों को ₹327.15 करोड़ से अधिक राशि अंतरित की। इस अवसर पर राज्य स्तरीय स्पर्श मेला-2026 अंतर्गत आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को… pic.twitter.com/MIGtqDMIbL
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) January 24, 2026
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के हर क्षेत्र में समग्र विकास का संकल्प लिया है। भारत की पहचान हजारों वर्षों से सनातन संस्कृति में निहित करुणा और संवेदनशीलता से जुड़ी रही है, जहां चींटी जैसे छोटे जीव से भी प्रेम करने की प्रेरणा मिलती है। ऐसे में बुजुर्गों और दिव्यांगजनों का सम्मान और उनका आशीर्वाद समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
डॉ. यादव ने कहा कि दिव्यांगजनों को केवल सुविधाओं की नहीं, बल्कि प्रेम, अपनापन और सहयोग की सबसे अधिक आवश्यकता होती है। उन्होंने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि सरकार और समाज मिलकर ऐसे कार्यों में सहभागिता निभा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में वृद्धाश्रमों की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि केवल सरकार ही नहीं, बल्कि समाज के सक्षम वर्गों को भी आगे आकर वृद्धाश्रमों के निर्माण में योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस दिशा में एक व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस और वसंत पंचमी की शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश देश के तीन सर्वाधिक विकासशील राज्यों में शामिल है। दावोस में आयोजित विश्व आर्थिक मंच में भारत का अब तक का सबसे बड़ा प्रतिनिधिमंडल शामिल हुआ, जिसमें मध्यप्रदेश की भी प्रभावी भागीदारी रही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में देश की सबसे सस्ती बिजली उपलब्ध है और कृषि के क्षेत्र में भी राज्य अग्रणी है। उन्होंने बताया कि पूरी दुनिया में सर्वाधिक फसल उत्पादन भारत में होता है और उसमें मध्यप्रदेश की भूमिका महत्वपूर्ण है।

