Punjab Kesari MP ads

CM साय ने बगिया में जनदर्शन कर सुनी आमजनों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए ये निर्देश

Friday, Jul 17, 2026-03:42 PM (IST)

जशपुरनगर (पुष्पेंद्र सिंह): मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने गृह ग्राम बगिया में गुरुवार देर रात तक जनदर्शन आयोजित कर आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जनदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, किसान तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि अपनी मांगों और समस्याओं को लेकर पहुंचे।

PunjabKesari

मुख्यमंत्री साय ने प्रत्येक आवेदक की बात गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनी तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी आवेदनों का गंभीरता से परीक्षण कर उनका शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाएं आम नागरिकों की सुविधा, विकास और जीवन स्तर में सुधार के उद्देश्य से संचालित की जा रही हैं। इसलिए प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी ढंग से पहुंचना चाहिए।

PunjabKesari

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनसमस्याओं के निराकरण में संवेदनशीलता, जवाबदेही और तत्परता के साथ कार्य करें, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान ही सुशासन की पहचान है। जनदर्शन के दौरान प्राप्त कई आवेदनों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर ही समाधान किया गया। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए तथा जनहित से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

PunjabKesari

इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने ग्रामीणों से आत्मीय संवाद करते हुए कहा कि राज्य सरकार जनता के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और प्रत्येक नागरिक की समस्या का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, अन्य विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News