MP के 10.54 लाख किसानों के चेहरे खिले, CM ने खातों में सिंगल क्लिक से 1,460 करोड़ की राशि सीधे की अंतरित
Sunday, Jul 19, 2026-07:06 PM (IST)
(भोपाल): मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मध्य प्रदेश के किसानों को लिए खास तोहफा दे दिया है।यह तोहफा पाकर लाखों किसानों के चेहरे पर खुशी देखी जा सकती है। दरअसल मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आज 19 जुलाई को भोपाल जिले के जगदीशपुर से 10.54 लाख किसानों के खातों में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की राशि 1460.25 करोड़ अंतरित कर दी है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भोपाल के जगदीशपुर से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत प्रदेश के 10.54 लाख किसानों के खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से ₹1,460 करोड़ की बीमा राशि सीधे अंतरित की। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के आरंभ वर्ष से वर्ष 2024-25 तक 30,942.34 करोड़ रूपये का भुगतान प्रभावित कृषकों को किया गया है।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना भारत सरकार की एक महत्वाकांक्षी एवं महत्वपूर्ण योजना है। प्राकृतिक आपदाओं के कारण फसल क्षति होने पर कृषकों को बीमा दावा भुगतान कर उनके वित्तीय हितों की रक्षा करना ही इस योजना का प्रमुख उद्देश्य है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इस बार अल-नीनो प्रभाव के कारण अच्छे मानसून का अनुमान नहीं है। ऐसी स्थिति में किसान भाई अपनी अधिसूचित फसलों का बीमा निर्धारित तिथि से पूर्व करवा लें जिससे उपज में हानि होने पर वित्तीय सहायता प्राप्त हो सके। मध्यप्रदेश सरकार हर परिस्थिति में कृषकों के साथ है एवं कृषकों के हित के लिए निरन्तर कार्य कर रही है।
इस मौके पर सीएम मोहन यादव ने कहा कि जगदीशपुर का इतिहास गौरवशाली और प्रेरणादायक रहा है। यह वीरता, स्वाभिमान और राष्ट्र गौरव की धरती है। दुर्भाग्य से इसके गौरव को इतिहास में वह स्थान नहीं मिला, जिसका यह हकदार था। नई पीढ़ी को इस समृद्ध विरासत से परिचित कराने के उद्देश्य से यहां मंत्रिपरिषद की बैठक आयोजित की गई है।

