राहुल गांधी के कार्यक्रम स्थल पर निकला काला कोबरा, VIP लाउंज में सांप घुसने से मची अफरा-तफरी
Friday, Sep 18, 2026-02:44 PM (IST)
इंदौर। (सचिन बहरानी): कांग्रेस नेता राहुल गांधी के इंदौर दौरे से पहले कार्यक्रम स्थल पर उस समय हड़कंप मच गया, जब तैयारियों के बीच एक काला कोबरा सांप दिखाई दिया। सांप उसी डोम के पास नजर आया, जहां राहुल गांधी छात्रों से संवाद करने वाले हैं। अचानक सांप दिखने से वहां काम कर रहे मजदूरों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक, काला कोबरा कार्यक्रम स्थल के वीआईपी लाउंज तक पहुंच गया। यह वही वीआईपी डोम है, जहां कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के रुकने की व्यवस्था की गई है। डोम के भीतर फ्रेश होने और कुछ देर आराम करने के लिए अलग से वेटिंग एरिया भी तैयार किया गया है।

सांप के वीआईपी लाउंज में घुसने की सूचना मिलते ही वहां मौजूद लोगों को सतर्क किया गया। इसके बाद सांप को सुरक्षित तरीके से बाहर निकालने के लिए स्नेक कैचर को बुलाया गया। फिलहाल सांप को रेस्क्यू करने की कोशिश जारी है।
कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में कर्मचारी और मजदूर तैयारियों में जुटे हुए हैं। ऐसे में सांप के VIP डोम में पहुंचने की खबर से कुछ समय के लिए काम भी प्रभावित हुआ। हालांकि, सांप को सुरक्षित तरीके से पकड़ने के लिए रेस्क्यू टीम प्रयास कर रही है।
राहुल गांधी का इंदौर में छात्रों के साथ संवाद कार्यक्रम प्रस्तावित है। कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस की ओर से व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इसी बीच कार्यक्रम स्थल पर कोबरा मिलने की घटना ने वहां मौजूद लोगों का ध्यान खींच लिया।

