राहुल गांधी के इंदौर पहुंचते ही महिला संगठन का विरोध, काले झंडे लेकर रेडिसन होटल पहुंचीं महिलाएं
Saturday, Sep 19, 2026-04:11 PM (IST)
इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर में आज आयोजित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को महिला संघर्ष समिति के विरोध का सामना करना पड़ा। राहुल गांधी के इंदौर पहुंचते ही महिला संघर्ष समिति की कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ प्रदर्शन किया। गुजराती स्कूल से हाथों में काली पट्टी बांधकर और काले झंडे लेकर महिलाएं रेडिसन होटल पहुंचीं, जहां उन्होंने राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए काले झंडे दिखाए।
प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप है कि लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने के मुद्दे पर राहुल गांधी और कांग्रेस का रुख उनके पक्ष में नहीं है। विरोध प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने रेडिसन होटल और आसपास के मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी।
इंदौर में एक ओर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम की तैयारियां चल रही थीं, तो दूसरी ओर उनके शहर पहुंचते ही महिला संगठनों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। महिला संघर्ष समिति के बैनर तले जुटी दर्जनों महिलाओं ने गुजराती स्कूल परिसर से अपना प्रदर्शन शुरू किया। महिलाएं हाथों में काली पट्टी बांधकर और काले झंडे लेकर रेडिसन होटल की ओर रवाना हुईं, जहां राहुल गांधी ठहरे हुए थे।
प्रदर्शनकारी महिलाओं पवित्रा रघुवंशी, दीपिका सेंगर और आशा पाठक का कहना है कि लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने के मुद्दे पर राहुल गांधी का रुख स्वीकार्य नहीं है। इसी को लेकर महिला संगठनों की ओर से विरोध दर्ज कराया गया।
महिलाओं ने रेडिसन होटल के बाहर विरोध प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की और राहुल गांधी को काले झंडे दिखाए। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।एसीपी रुबीना मिजवानी और एसीपी आशीष पटेल के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करते हुए स्थिति को संभाला और इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखी। महिला नेत्रियों ने कहा कि महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने के मुद्दे पर उनका विरोध आगे भी जारी रहेगा।

