राहुल गांधी के लिए युवाओं में अलग दीवानगी! इंदौर में हाथों पर बनवा रहे टैटू, 19 सितंबर को बड़ा छात्र कार्यक्रम
Thursday, Sep 17, 2026-12:28 PM (IST)
इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में 19 सितंबर को होने वाले कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम से पहले शहर में युवाओं के बीच इसे लेकर अलग तरह का उत्साह देखने को मिल रहा है। कुछ युवा अपने समर्थन का इजहार करने के लिए हाथों पर राहुल गांधी के टैटू तक बनवा रहे हैं। राहुल गांधी के प्रस्तावित छात्र संवाद कार्यक्रम को लेकर युवाओं का एक वर्ग सोशल मीडिया और अपने निजी अंदाज में प्रतिक्रिया दे रहा है। इसी क्रम में कुछ छात्रों ने टैटू बनवाकर कार्यक्रम और राहुल गांधी के प्रति अपना समर्थन जाहिर किया है। युवाओं का कहना है कि वे अपने तरीके से छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को आवाज देने वाले कार्यक्रम के साथ जुड़ना चाहते हैं।
छात्र संवाद पर रहेगा कार्यक्रम का फोकस
19 सितंबर को इंदौर में होने वाला ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम मुख्य रूप से युवाओं और छात्रों के साथ संवाद पर केंद्रित बताया जा रहा है। कार्यक्रम को गैर-राजनीतिक स्वरूप देने की बात कही गई है। आयोजकों के अनुसार इसमें छात्रों को अपनी बात रखने और शिक्षा तथा युवाओं से जुड़े विषयों पर सुझाव साझा करने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में प्रवेश को लेकर भी अलग व्यवस्था की गई है। छात्रों और युवाओं के लिए QR कोड आधारित रजिस्ट्रेशन सिस्टम रखा गया है। इसी के जरिए पंजीकृत प्रतिभागियों को कार्यक्रम स्थल में प्रवेश दिया जाएगा। पार्टी की ओर से यह भी कहा गया है कि कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रवेश की अनुमति नहीं होगी, जिससे इसका फोकस सीधे छात्रों और युवाओं के संवाद पर रखा जा सके।
एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक स्वागत की तैयारी
राहुल गांधी के इंदौर पहुंचने से पहले कांग्रेस संगठन भी अपने स्तर पर तैयारियों में जुटा है। एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक उनके स्वागत की योजना बनाई जा रही है। प्रदेश कांग्रेस की ओर से रास्ते में दो से तीन स्थानों पर कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में स्वागत कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी है।
रोड शो को लेकर राहुल गांधी की टीम के साथ चर्चा के बाद अंतिम तस्वीर साफ होने की संभावना है। पार्टी कार्यकर्ता उनके स्वागत को लेकर तैयारियों में जुटे हैं, जबकि दूसरी ओर छात्र कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं।
युवाओं की भागीदारी पर टिकी नजर
राहुल गांधी इससे पहले भी छात्रों के साथ संवाद के जरिए शिक्षा व्यवस्था, रोजगार और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी राय सुनने की पहल कर चुके हैं। इंदौर का कार्यक्रम भी इसी संवाद प्रक्रिया की कड़ी के रूप में देखा जा रहा है। अब 19 सितंबर को होने वाले कार्यक्रम में कितनी संख्या में छात्र पहुंचते हैं और वे किन मुद्दों को सामने रखते हैं, इस पर सभी की नजर रहेगी। फिलहाल कार्यक्रम से पहले टैटू बनवाते युवाओं की तस्वीरें और वीडियो इंदौर में चर्चा का विषय बनी हुई हैं।

