Punjab Kesari MP ads

दिल्ली से इंदौर के लिए रवाना हुए राहुल गांधी, ‘छात्रों की गूंज’ में छात्रों से आमने-सामने होगा संवाद

Saturday, Sep 19, 2026-01:23 PM (IST)

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में आज सियासी हलचल के बीच युवाओं और छात्रों से जुड़ा बड़ा कार्यक्रम होने जा रहा है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम शाम करीब 5 बजे रीजनल पार्क के सामने तैयार किए गए मैदान में आयोजित होगा, जिसे ‘भारत जोड़ो मैदान’ नाम दिया गया है। राहुल गांधी अपने दिल्ली स्थित आवास से इंदौर के लिए रवाना हो चुके हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम में उनका फोकस छात्रों और युवाओं से संवाद पर रहेगा। शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ियां, पेपर लीक, रोजगार और भर्ती प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर युवाओं की बात सुनी जाएगी। कांग्रेस की ओर से इसे छात्रों को अपनी समस्याएं और भविष्य से जुड़ी चिंताएं सामने रखने का मंच बताया गया है।

शिक्षा और रोजगार के मुद्दों पर होगी चर्चा

‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत राहुल गांधी इससे पहले कोटा, देहरादून, प्रयागराज और पुणे में भी कार्यक्रम कर चुके हैं। इंदौर में होने वाला आयोजन इस अभियान का पांचवां प्रमुख कार्यक्रम है। इस बार भी प्रतियोगी परीक्षाओं, शिक्षा व्यवस्था और रोजगार जैसे विषय चर्चा के केंद्र में रहने की संभावना है। मध्य प्रदेश के संदर्भ में व्यापमं और पटवारी भर्ती से जुड़े विवादों जैसे मुद्दे भी कार्यक्रम के दौरान उठ सकते हैं। हालांकि, कार्यक्रम में किन-किन सवालों पर राहुल गांधी विस्तार से बात करेंगे, इसका अंतिम स्वरूप मंच पर होने वाले संवाद के दौरान स्पष्ट होगा।

कार्यक्रम को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव

राहुल गांधी के कार्यक्रम को देखते हुए इंदौर ट्रैफिक पुलिस ने शहर में यातायात व्यवस्था के लिए डायवर्जन प्लान लागू किया है। दोपहर 1 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक कई प्रमुख मार्गों पर यातायात में बदलाव रहेगा। कुछ हिस्सों में भारी और व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। चोइथराम चौराहे से कार्यक्रम स्थल की ओर जाने वाले मार्ग सहित गड़बड़ी पुलिया, राजीव गांधी चौराहा, प्रतीक्षा ढाबा और भंवरकुआं क्षेत्र से जुड़े कुछ रास्तों पर भी यातायात नियंत्रण रहेगा।

राऊ और धार की ओर से आने वाले वाहनों को राजेंद्र नगर ब्रिज, नर्मदा चौराहा और गोपुर चौराहे की तरफ से शहर में प्रवेश कराया जाएगा। वहीं बिजलपुर क्षेत्र से आने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। आईटी पार्क चौराहे की तरफ से आने वाले वाहनों को प्रतीक्षा ढाबा, पीपल्याराव गुरुद्वारा और भोलाराम उस्ताद मार्ग होते हुए शहर की ओर भेजने की व्यवस्था की गई है।

अलग-अलग जगहों पर पार्किंग की व्यवस्था

कार्यक्रम में आने वाले लोगों के वाहनों के लिए भी कई स्थानों पर पार्किंग तय की गई है। कार्यक्रम स्थल के पीछे शीतल नगर के खाली मैदान में कार और दोपहिया वाहन खड़े किए जा सकेंगे। राजेंद्र नगर, राऊ और धार की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए बुरहानी सोसायटी की जमीन पर पार्किंग व्यवस्था रखी गई है। वहीं बिजलपुर से केसरबाग ब्रिज की दिशा से आने वालों के लिए शुभकारज गार्डन में कार और बस पार्किंग की व्यवस्था बताई गई है। इसके अलावा प्रतीक्षा ढाबे के पीछे स्थित कान्हा मैरिज गार्डन में बसों के लिए पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।

कार्यक्रम पर राजनीतिक और प्रशासनिक नजर

राहुल गांधी के इंदौर दौरे को लेकर आयोजन से पहले प्रशासन और कांग्रेस के बीच कई मुद्दों पर चर्चा रही है। कार्यक्रम के लिए रीजनल पार्क के सामने वैकल्पिक मैदान तय किया गया। आयोजन को लेकर पुलिस की ओर से सुरक्षा और व्यवस्थाओं से संबंधित कई शर्तें भी रखी गई हैं। अब सभी की नजर शाम 5 बजे होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम पर है। खास तौर पर यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि राहुल गांधी छात्रों के सवालों और मध्य प्रदेश से जुड़े शिक्षा, भर्ती तथा रोजगार के मुद्दों पर किस तरह अपनी बात रखते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News