MP News: राहुल गांधी के "छात्रों की गूंज" कार्यक्रम को लेकर तैयारी तेज! IDA ने इन पांच शर्तों के साथ दी अनुमति
Tuesday, Sep 15, 2026-06:10 PM (IST)
इंदौर (सचिन बहरानी): 19 सितंबर को कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी मध्यप्रदेश के इंदौर में आएंगे। इस दौरान वह ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में मुख्य रूप से शामिल होंगे। यह कार्यक्रम रीजनल पार्क के सामने स्थित IDA के 12 हजार वर्गमीटर मैदान में होगा। इसके लिए कांग्रेस ने लगभग 10.08 लाख रुपए जमा किए हैं। खास बात यह है कि राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर आईडीए ने पांच शर्तो के तहत अनुमति दी है।
कांग्रेस के मुताबिक, ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र पहुंचेंगे। कांग्रेस का दावा है कि करीब 5 एकड़ में तैयार किए हाईटेक वॉटरप्रूफ डोम में लगभग 1 लाख युवाओं के बैठने की क्षमता है। राज्य में पिछले दिनों हुई बारिश की वजह से मैदान में कीचड़ की स्थिती बनी है। इसके चलते मैदान को समतल करने का काम चल रहा है। वहीं, कार्यक्रम के लिए IDA ने सिर्फ खाली जमीन उपलब्ध कराने की बात कही है। जबकि सुरक्षा समेत बाकी व्यवस्थाएं आयोजकों को खुद करनी होंगी।
IDA ने इन पांच शर्तों के साथ दी अनुमति
- आईडीए ने केवल उपलब्ध कराई खाली जमीन
- सुरक्षा समेत बाकी व्यवस्थाएं खुद करनी होगी
- सभी जरूरी सरकारी विभागों से एनओसी व अनुमति लेना अनिवार्य
- लाउड स्पीकर के प्रयोग के लिए पूर्व में अनुमति लेना होगी
- कार्यक्रम के बाद जमीन का उपयोग करने पर देना होगा अतिरिक्त किराया


