SIR सर्वे में लापरवाही पर कलेक्टर का गुस्सा फूटा, आधी रात BLO को नौकरी से निकाला

Wednesday, Nov 05, 2025-10:52 AM (IST)

भोपाल। राजधानी में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) सर्वे को लेकर प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में है। मंगलवार देर रात कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बरकतुल्ला विश्वविद्यालय (BU) के सहायक ग्रेड-3 कर्मचारी प्रशांत दुबे को ड्यूटी से गैरहाजिर रहने पर तुरंत बर्खास्त कर दिया।

दुबे को गोविंदपुरा विधानसभा के पोलिंग बूथ नंबर 250 पर BLO की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, लेकिन वे ड्यूटी पर मौजूद नहीं थे। कलेक्टर ने आधी रात ही आदेश जारी कर कार्रवाई की ताकि यह संदेश स्पष्ट रहे कि SIR सर्वे में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

बताया जा रहा है कि दुबे की अनुपस्थिति से बूथ का सर्वे प्रभावित हो रहा था। इस सख्त कदम के बाद जिला निर्वाचन कार्यालय ने सभी BLO और सुपरवाइजरों को चेतावनी दी है कि जो भी अधिकारी-कर्मचारी ड्यूटी से गायब पाया गया, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।

भोपाल में SIR के तहत 2029 BLO और 250 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं, जो घर-घर जाकर मतदाताओं से गणना प्रपत्र भरवा रहे हैं। कलेक्टर सिंह ने खुद हुजूर विधानसभा के कई बूथों का निरीक्षण किया और मतदाताओं से बातचीत भी की।

यह कार्रवाई पूरे मध्य प्रदेश के लिए एक संदेशात्मक उदाहरण बन गई है कि चुनावी कार्यों में लापरवाही पर अब रात में भी सजा मिल सकती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News