दशहरा उत्सव के दौरान बवाल: भाजपा नेता और समर्थकों से मारपीट, Video वायरल; दोनों पक्षों पर केस दर्ज
Wednesday, Oct 21, 2026-02:39 PM (IST)
इंदौर (सचिन बहरानी): इंदौर के बाणगंगा क्षेत्र में दशहरा उत्सव के दौरान बवाल मचा है। जी हां यहां भाजपा नेता और समर्थकों का दूसरे पक्ष के साथ विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोगों के बीच जमकर मारपीट हुई। घटना में पांच लोग घायल हो गए। मौके पर मौजूद पुलिस ने स्थिति को संभाला। मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रास्ता देने की बात पर हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, घटना मंगलवार रात करीब 9:30 बजे कुम्हारखाड़ी स्थित दुर्गा माता मंदिर के पास हुई। यहां दशहरा उत्सव के तहत रावण दहन का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी दौरान भाजपा नेता और उनके समर्थकों का दूसरे पक्ष के लोगों से विवाद हो गया।
पुलिस के अनुसार, अरविंद उर्फ भैया की मंदिर के पास फूल की दुकान है। वह दुकान के ऊपर फॉग मशीन लगा रहा था। इसी दौरान रास्ता देने की बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के लोगों के बीच मारपीट होने लगी। इस दौरान लाठी-डंडों और लात-घूंसों से हमला करने के आरोप हैं।
दोनों पक्षों ने दर्ज कराई शिकायत
पुलिस ने फरियादी मनोज पिता इंद्रपाल वर्मा, निवासी कुम्हारखाड़ी की शिकायत पर अरविंद उर्फ भैया, दिलीप, पार्वती और विशाल कश्यप के खिलाफ मामला दर्ज किया है। ये सभी खासगी का बगीचा, वृंदावन कॉलोनी के निवासी बताए गए हैं।
मनोज ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज की, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। साथ ही जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित करने का भी आरोप लगाया गया है। दूसरे पक्ष ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस कर रही वीडियो की जांच
एडिशनल डीसीपी के मुताबिक, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया था और स्थिति को नियंत्रित किया। मारपीट में दोनों पक्षों के पांच लोगों को चोटें आई हैं। घायलों को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस वायरल वीडियो की जांच कर रही है। साथ ही, लोगों के बयान लेकर मारपीट में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

