Punjab Kesari MP ads

राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को सताया क्रॉस वोटिंग का डर! भाजपा नेताओं के संपर्क में 7 विधायक, दिल्ली पहुंचा मामला

Monday, May 11, 2026-08:15 PM (IST)

भोपाल : 5 राज्य के विधानसभा के चुनावी नतीजों के बाद मध्य प्रदेश में आने वाले राज्यसभा की 3 सीटों पर चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है। दिग्विजय सिंह, जॉर्ज कुरियन और सुमेर सिंह का कार्यकाल खत्म हो रहा है। एक सीट जीतने के लिए 58 विधायकों के वोट चाहिए। विधायक संख्या के हिसाब से दो सीटें बीजेपी और एक कांग्रेस के खाते में जानी चाहिए। लेकिन राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को क्रॉस वोटिंग का डर सताने लगा है। राज्यसभा के गणित आंकड़ों के हिसाब से कांग्रेस को एक दो या तीन विधायकों से नहीं बल्कि पूरे 7 विधायकों से क्रॉस वोटिंग का खतरा मंडरा रहा है। इसे लेकर कांग्रेस सतर्क हो गई है और मामला हाईकमान तक पहुंच चुका है।

दरअसल, मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव से पहले ऑपरेशन लोटस की हलचल शुरु हो गई है। बताया जा रहा है कि ऑपरेशन लोटस इस बार राज्यसभा की एक सीट के लिए हो सकता है। इस बात की भनक दिल्ली तक पहुंच चुकी है। राजनीतिक सूत्रों की मानें तो करीब 7 विधायकों की क्रॉस वोटिंग का खतरा है। इस टेंशन भरे माहौल के बीच एक कांग्रेस नेता के भाजपा नेता से मिलने की जानकारी सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, बालाघाट से परसवाड़ा विधायक मधु भाउ भगत ने 6 मई को भाजपा के दिग्गज नेता व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा से भोपाल में मुलाकात की है। खास बात यह कि इस मुलाकात को पूरी तरह गोपनीय रखा गया है।

हालांकि भगत ने इस मुलाकात को महज इतफाक बताया है। उन्होंने कहा कि वीडी शर्मा को तो मैंने कई महीनों से देखा तक नहीं है और नरोत्तम मिश्रा से तो अचानक मुलाकात हुई है। वहीं दूसरी ओर खास बात यह कि क्रॉस वोटिंग के शक से जुड़े ज्यादातर विधायक सिंधिया के ग्वालियर चंबल संभाग के ही है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए नेताओं के जरिए ही भाजपा इन विधायकों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। 

वहीं कांग्रेस क्रॉस वोटिंग को लेकर पूरी तरह सतर्क है। बताया जा रहा है कि दिल्ली में इसे लेकर एक हाईलेवल मीटिंग भी हुई है। जिसमें कमलनाथ, जीतू पटवारी और दिग्विजय सिंह और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी मौजूद हुए थे। बैठक में करीब सात विधायकों के क्रॉस वोटिंग की आशंका जताई गई।  जिसके बाद नेताओं ने विधायकों पर नजर रखने का पूरा जिम्मा उठाया है। फिलहाल आने वाले समय में ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News