7 मई को कांग्रेस ने बनाया है मध्य प्रदेश को हिलाने का प्लान, जानिए क्या करने जा रही कांग्रेस
Sunday, May 03, 2026-10:52 PM (IST)
(डेस्क): मध्य प्रदेश में कांग्रेस किसानों की आवाज़ बुलंद करने के लिए एक नए काम का ऐलान किया है। दरअसल 7 मई को कांग्रेस चक्काजाम आंदोलन करने जा रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए बड़ा आंदोलन करने की ऐलान किया है। कांग्रेस ने मुंबई-आगरा नेशनल हाइवे पर चक्काजाम आंदोलन करने की चेतावनी दी है। जीतू पटवारी ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा है कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था, किसानों की दयनीय स्थिति के साथ ही प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है।
इसी के विरोध में कांग्रेस 7 मई से बड़वानी से मुरैना तक राष्ट्रीय राजमार्गों पर चक्काजाम करेगी। पटवारी ने आरोप लगाया कि प्रदेश में लगातार बड़े हादसे हो रहे हैं, जिनमें लोगों की जान जा रही है, लेकिन सरकार जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि किसान, मजदूर और आदिवासी वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य नहीं मिल रहा है और उन्हें मजबूरी में कम दामों पर फसल बेचनी पड़ रही है।
जीतू पटवारी ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा है कि किसानों की फसलें बारिश और ओलावृष्टि से बर्बाद हुई हैं, लेकिन राहत राशि समय पर नहीं दी जा रही है, इससे किसानों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने सरकार से भावांतर राशि और मुआवजा तुरंत जारी करने की मांग की है। 7 मई को कांग्रेस पूरे प्रदेश में सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी और बड़वानी से मुरैना तक राष्ट्रीय राजमार्गों पर चक्काजाम कर देगी। जीतू के मुताबिक यह आंदोलन किसानों, मजदूरों के साथ ही आम जनता की आवाज को सरकार तक पहुंचाने के लिए किया जा रहा है।

