Punjab Kesari MP ads

आगामी चुनावों के लिए बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने में जुटी कांग्रेस, पूर्व CM, प्रदेश अध्यक्ष समेत कई नेता हुए शामिल

Thursday, Sep 10, 2026-07:17 PM (IST)

बिलासपुर : छत्तीसगढ़ में आगामी चुनावों की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय और मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में गुरुवार से बिलासपुर संभाग के ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ, जो 12 सितंबर तक चलेगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) अध्यक्ष दीपक बैज और वरिष्ठ नेता ताम्रध्वज साहू समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। प्रशिक्षण के दौरान ब्लॉक अध्यक्षों को संगठन विस्तार, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं से जुड़ने और पार्टी की गतिविधियों को मजबूत करने की रणनीति की जानकारी दी जा रही है। कांग्रेस का जोर ब्लॉक से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने और पार्टी की नीतियों एवं संगठनात्मक गतिविधियों को गांवों तक पहुंचाने पर है। कांग्रेस का संभागवार प्रशिक्षण कार्यक्रम 22 सितंबर तक चलेगा। बिलासपुर के बाद 15 सितंबर को सरगुजा संभाग और 20 सितंबर को रायपुर संभाग के ब्लॉक अध्यक्षों का प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। बस्तर और दुर्ग संभाग में प्रशिक्षण कार्यक्रम पहले ही पूरा हो चुका है।

इस बीच बिलासपुर पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, 'पोस्टर चमकाने से चेहरा नहीं चमकता।' उन्होंने कहा कि सरकार को रोजगार, किसानों, शिक्षा, सड़क और स्वास्थ्य की स्थिति पर जवाब देना चाहिए। बैज ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री का चेहरा चमकाने के लिए 1100 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के पास 'पोस्टर वार' के अलावा कोई काम नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता की गाढ़ी कमाई का पैसा सरकार और मंत्री अपनी जेब में भर रहे हैं, जबकि गांवों में विकास के काम नहीं हो रहे हैं। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से ब्लॉक अध्यक्षों को संगठनात्मक जिम्मेदारियों के साथ बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं से समन्वय बढ़ाने और पार्टी की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए तैयार किया जा रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News