Punjab Kesari MP ads

कांग्रेस के दिग्गज नेता का छलका दर्द, बोले- कुछ लोग ऐसे जिन्हें दूसरों की हार में खुशी मिलती है

Wednesday, Jun 24, 2026-02:53 PM (IST)

देवास: मध्य प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने अपनी ही पार्टी के नेताओं पर निशाना साधते हुए बड़ा बयान दिया है। देवास जिले के सोनकच्छ में एक निजी कार्यक्रम के दौरान अजय सिंह का दर्द खुलकर सामने आया।

उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस को भाजपा से ज्यादा अपने ही लोगों से लड़ाई लड़नी पड़ रही है। पार्टी के भीतर ऐसे लोग मौजूद हैं जिन्हें किसी दूसरे नेता की हार में खुशी मिलती है। अजय सिंह ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब पार्टी ही कमजोर हो जाएगी तो फिर खुश होने के लिए बचेगा क्या?

उन्होंने कांग्रेस की लगातार चुनावी हार पर भी चिंता जताई। अजय सिंह ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बने करीब 25 साल हो चुके हैं। आज 30 साल का युवा कांग्रेस की सरकार को जानता ही नहीं, उसे सिर्फ भाजपा की सरकारें याद हैं। ऐसे में पार्टी नेताओं को सावधान रहने और संगठन को मजबूत करने की जरूरत है।

राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन के नामांकन खारिज होने के मामले पर भी अजय सिंह ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि जो लोग दूसरों के टिकट कटवाने में लगे रहते थे, अब वे खुद अपना टिकट बचा लें तो बड़ी बात होगी। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि जो आखिरी व्यक्ति बचा था, उसने भी नटराजन का इंतजाम कर दिया।

अजय सिंह के इस बयान को कांग्रेस के अंदर चल रही गुटबाजी और असंतोष से जोड़कर देखा जा रहा है। उनके बयान ने एक बार फिर प्रदेश कांग्रेस में अंदरूनी खींचतान की चर्चाओं को हवा दे दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News