कांग्रेस नेता की दबंगई! यातायात निरीक्षक के साथ बीच सड़क काटा बवाल, मामला दर्ज

Friday, Mar 13, 2026-06:17 PM (IST)

दुर्ग (हेमंत पाल) : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक कांग्रेस नेता पर सरकारी कार्रवाई में बाधा डालने के आरोप में मामला दर्ज हुआ है। आरोप है कि ट्रैफिक पुलिस द्वारा चलाए जा रहे शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान के दौरान कांग्रेस नेता ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान कांग्रेस नेता और ट्रैफिक पुलिस निरीक्षक के बीच तीखी बहस की स्थिति बन गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने कांग्रेस नेता के खिलाफ मामला दर्ज किया है और उनकी तलाश शुरू कर दी है।

शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर चल रही थी कार्रवाई

जानकारी के मुताबिक, 11 मार्च की रात पुलगांव चौक पर ट्रैफिक पुलिस स्पेशल अभियान चला रही थी, इसके तहत शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान वैगन-आर को रोका गया। ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच पर चालक शराब के नशे में पाया गया। इस आधार पर ट्रैफिक पुलिस ने उसके खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की।

मौके पर पहुंचे कांग्रेस नेता

इस पर वैगन-आर चालक भड़क उठा और उसने कांग्रेस नेता ज्ञानेश्वर मिश्रा को फोन कर मामले की जानकारी दी। इसके बाद ज्ञानेश्वर मिश्रा अपनी पत्नी जिला पंचायत सदस्य आशा मिश्रा के साथ मौके पर पहुंचे और ट्रैफिक पुलिस निरीक्षक पीला दाऊ चंद्रा से कार्रवाई न करने का दबाव बनाया। आरोप है कि इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर बहस हुई वहीं ज्ञानेश्वर मिश्रा ने धौंस दिखाते हुए गाली-गलौज की और यातायात कर्मियों के साथ अभद्रता की। इतना ही नहीं उन्होंने चालक को वहां से भगा दिया।

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

इस दौरान जमकर तू-तू मैं- मैं हुई। हंगामे का वीडियो वहां मौजूद लोगों ने शूट कर लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। जो लोगों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी के अनुसार मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलगांव थाना पुलिस ने ट्रैफिक निरीक्षक पीला दाऊ चंद्रा की शिकायत पर ज्ञानेश्वर मिश्रा के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News