कांग्रेस MLA बोले- BJP ने अपने ही 3 ऐसे ब्राह्मण बड़े नेताओं की राजनीतिक ह-त्या की जो CM के दावेदार,BJP का क्या भरोसा करना ?
Tuesday, Jul 14, 2026-03:24 PM (IST)
(दतिया):दतिया उपचुनाव में नामांकन के साथ ही रण शुरु हो चुका है। कांग्रेस और बीजेपी एक दूसरे पर हमलावर हो गए हैं। इसी बीच कांग्रेस के विधायक फूल सिंह बरैया ने भाजपा नेतृत्व पर एक बड़ा आऱोप लगाया है जो सियासी चर्चाएं बटोर रहा है। फूल सिंह बरैया ने भाजपा पर 3 बड़े सीएम दावेदार नेताओं की राजनीतिक हत्या का आरोप लगाते हुए बड़ा हमला बोला है।
भाजपा ने 3 बड़े सीएम दावेदार नेताओं की राजनीतिक हत्या की है- बरैया
बरैया ने नरोत्तम मिश्रा के टिकट कटने को सीएम पद के दावेदार ब्राह्मण नेता की हत्या बताते हुए और एक बड़ी बात बोली है। बरैया ने कहा एक ही नेता नहीं बल्कि बीजेपी ने इससे पहले 3 बड़े मुख्यमंत्री के दावेदार चेहरों की राजनीतिक हत्या की है। इससे पहले अनूप मिश्रा और गोपाल भार्गव के तौर पर बीजेपी दो मुख्यमंत्री के दावेदार चेहरों की राजनीतिक हत्या कर चुकी है। ये चेहरे भी सीएम के रेस में थे। बरैया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने एक ब्राह्मण नेता की राजनीतिक हत्या कर दी है। फूल सिंह बरैया ने ऐसा बयान देकर राजनीतिक गलियारों में फिर नई चर्चा छेड़ दी है।
घनश्याम सिंह के नामांकन के दौरान कांग्रेस के शीर्ष नेताओं का जमावड़ा देखने को मिला। उनके साथ मध्य प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, भांडेर विधायक फूल सिंह बरैया, पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा, अशोक सिंह और पूर्व विधायक राजेंद्र भारती मुख्य रूप से मौजूद रहे। दतिया उप चुनाव पर जीतू पटवारी का कहना है कि दतिया में कांग्रेस परचम लहराने के लिए पूरी कांग्रेस एकजुट है । सभी पूरी ताकत, एकजुटता और संकल्प के साथ तैयार हैं। लिहाजा कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने कांग्रेस प्रत्याशी के नामांकन में ताकत दिखाई है और एकजुटता का संदेश दिया है।

