Punjab Kesari MP ads

कांग्रेस में अंदरूनी हलचल तेज! ग्रुप से 5 नेता अचानक बाहर, सियासी चर्चाएं गर्म

Saturday, Apr 18, 2026-06:34 PM (IST)

रायपुर: छत्तीसगढ़ कांग्रेस में सोशल मीडिया और संगठनात्मक समन्वय को लेकर एक बार फिर अंदरूनी हलचल सामने आई है। पार्टी के ‘सोशल मीडिया परिचर्चा’ ग्रुप से पांच प्रवक्ताओं को हटाए जाने के बाद सियासी चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। सूत्रों के मुताबिक जिन प्रवक्ताओं को ग्रुप से बाहर किया गया है उनमें संजीव शुक्ला, विनयशील और देवेंद्र यादव सहित कुल पांच नाम शामिल हैं। इस कार्रवाई के बाद पार्टी के भीतर असंतोष और गुटबाजी की अटकलें और तेज हो गई हैं।

हालांकि इस पूरे मामले पर प्रदेश कांग्रेस के संचार विभाग प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि किसी तरह का विवाद नहीं है। उनके अनुसार जिन लोगों को ग्रुप से हटाया गया है वे लंबे समय से सक्रिय नहीं थे, इसलिए उन्हें केवल प्रशासनिक कारणों से हटाया गया है।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रवक्ताओं पर मीडिया में बयान देने पर कोई रोक नहीं है, लेकिन अब यह निर्देश दिया गया है कि किसी भी बयान या बाइट की जानकारी पहले प्रदेश अध्यक्ष और संचार विभाग को दी जाए, ताकि समन्वय बना रहे।

पार्टी में पहले भी सामने आ चुके हैं विवाद

यह पहली बार नहीं है जब छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठनात्मक फैसलों को लेकर चर्चा में आई हो। इससे पहले रायपुर में वार्ड अध्यक्षों की सूची को लेकर बड़ा विवाद सामने आया था। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने सभी जिलाध्यक्षों को 15 अप्रैल तक नई कार्यकारिणी गठित करने के निर्देश दिए थे।

इसके बावजूद रायपुर शहर कांग्रेस ने 66 वार्ड अध्यक्षों की सूची जारी कर दी थी, जिसे कुछ ही घंटों बाद पीसीसी ने रद्द कर दिया। पार्टी ने स्पष्ट किया था कि बिना अनुमोदन के जारी की गई सूची को मान्य नहीं माना जाएगा। लगातार सामने आ रहे ऐसे घटनाक्रमों ने संगठन के भीतर तालमेल और निर्णय प्रक्रिया को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News