Punjab Kesari MP ads

रामेश्वर शर्मा के क्षेत्र में 7 साल से चल रहा था MP का सबसे बड़ा गौ कत्लखाना? कांग्रेस बोली-विधायक के संरक्षण के बिना संभव नहीं!

Friday, Oct 09, 2026-06:51 PM (IST)

भोपाल। राजधानी भोपाल के कोलार क्षेत्र में गोवंश से जुड़े मामले के बाद सियासत तेज हो गई है। कथित अवैध डेयरी को लेकर कांग्रेस ने भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा पर गंभीर सवाल उठाए हैं। कोलार ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल राठौड़ ने आरोप लगाया कि जनता, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और हिंदू संगठनों के विरोध तथा प्रशासन को चेतावनी दिए जाने के बाद ही अवैध डेयरी के खिलाफ कार्रवाई हुई। उन्होंने सवाल किया कि जब यह डेयरी वर्षों से संचालित थी, तब जिम्मेदार जनप्रतिनिधि और नगर निगम के अधिकारी कहां थे? राहुल राठौड़ ने कहा कि कोलार में गोवंश से जुड़ी घटना सामने आने के बाद कांग्रेस, हिंदू संगठनों और स्थानीय लोगों ने आवाज उठाई थी। सभी ने प्रशासन से मांग की थी कि संबंधित डेयरी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए और अवैध निर्माण को हटाया जाए। उनके मुताबिक, विरोध और चेतावनी के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ और डेयरी को ढहा दिया गया।

रामेश्वर शर्मा के दावे पर कांग्रेस का पलटवार

राहुल राठौड़ ने भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा के उस कथित दावे पर सवाल उठाए, जिसमें कार्रवाई का श्रेय लेने की बात कही गई। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित डेयरी करीब सात वर्षों से संचालित थी और नदी किनारे स्थित थी। ऐसे में सवाल उठता है कि इतने लंबे समय तक इस पर प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हुई?

राठौड़ ने कहा कि यदि आम नागरिक के मकान का छज्जा भी नियमों के विपरीत निकल आए, तो नगर निगम नोटिस देने पहुंच जाता है। छोटे व्यापारियों और ठेकेदारों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाती है, लेकिन गोवंश से जुड़े इतने गंभीर मामले में कथित अवैध डेयरी लंबे समय तक कैसे चलती रही? उन्होंने विधायक से इस पूरे मामले पर जवाब देने की मांग की।

नगर निगम अधिकारियों पर कार्रवाई कब होगी?

कांग्रेस नेता ने नगर निगम के एएचओ और संबंधित अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि यदि संबंधित क्षेत्र में अवैध गतिविधियां चल रही थीं, तो निगरानी और कार्रवाई के लिए जिम्मेदार अधिकारियों ने समय रहते कदम क्यों नहीं उठाए?

राहुल राठौड़ ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका तय करने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि केवल डेयरी ढहा देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह भी सामने आना चाहिए कि इतने समय तक कथित अवैध गतिविधियों को संरक्षण कैसे मिलता रहा और जिम्मेदार अधिकारियों ने अपनी भूमिका क्यों नहीं निभाई।

PunjabKesari

घटना के बाद विधायक के निरीक्षण पर भी उठाए सवाल

राहुल राठौड़ ने विधायक रामेश्वर शर्मा के हिंदुत्व और गोसेवा से जुड़े बयानों पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना रात करीब तीन बजे हुई थी और इसके लगभग 14 घंटे बाद तक विधायक मौके पर निरीक्षण करने नहीं पहुंचे थे। राठौड़ ने सवाल किया कि यदि गोवंश की रक्षा प्राथमिकता है, तो घटना के बाद तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा क्यों नहीं लिया गया?

कांग्रेस ने दी नगर निगम के घेराव की चेतावनी

कांग्रेस नेता ने स्पष्ट किया कि पार्टी इस मामले को लेकर पीछे हटने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि गोवंश से जुड़े मामले में कथित रूप से जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग जारी रहेगी। साथ ही, संबंधित नगर निगम अधिकारियों की भूमिका की जांच और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग भी उठाई जाएगी।

राहुल राठौड़ ने चेतावनी दी कि यदि मामले में निष्पक्ष जांच नहीं हुई और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो कांग्रेस नगर निगम भोपाल का घेराव करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मांग है कि पूरे मामले की सच्चाई सामने आए, दोषियों की जवाबदेही तय हो और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

फिलहाल, इस मामले में कांग्रेस के आरोपों, संबंधित अधिकारियों की भूमिका और विधायक रामेश्वर शर्मा के पक्ष पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

आपको बता दें कि भोपाल के कोलार क्षेत्र के दामखेड़ा में कलियासोत नदी के नजदीक स्थित एक डेयरी में गोवंश के अवशेष मिलने से इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अवशेष जब्त किए और डेयरी संचालक गब्बर यादव, मुन्ना यादव तथा राशिद खान को गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। इसी बीच एक संदिग्ध के साथ मारपीट के वीडियो भी सामने आए हैं। पुलिस अब इस मामले में अन्य संभावित आरोपियों और अवशेषों को ठिकाने लगाने से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार तड़के करीब चार बजे दामखेड़ा गांव में गब्बर यादव की डेयरी पर गोवंश के अवैध कटान की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच की। तलाशी के दौरान परिसर से गोवंश के कटे हुए अवशेष बरामद हुए, जिन्हें पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर मामले की आगे की जांच शुरू कर दी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News