दतिया हार के बाद BJP में बड़ा एक्शन! CM हाउस में भितरघात के सबूत पेश, पूरी जिला कार्यकारिणी भंग होने के संकेत
Tuesday, Aug 04, 2026-02:03 PM (IST)
भोपाल/दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव में मिली हार के बाद भारतीय जनता पार्टी के भीतर हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री निवास में मंगलवार को आयोजित अहम समीक्षा बैठक में हार के कारणों पर गहन मंथन किया गया। बैठक समाप्त होने के बाद बाहर निकले मंत्री और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी मीडिया से दूरी बनाते नजर आए। किसी भी नेता ने कैमरे के सामने प्रतिक्रिया नहीं दी, जबकि उनके चेहरों पर मायूसी साफ दिखाई दे रही थी।
सूत्रों के मुताबिक बैठक में दतिया उपचुनाव के प्रभारी आशुतोष तिवारी ने चुनावी हार के कारणों का विस्तृत ब्यौरा रखा। बताया जा रहा है कि उन्होंने पार्टी के भीतर हुए कथित भितरघात से जुड़े कुछ सबूत भी बैठक में प्रस्तुत किए, जिस पर गंभीर चर्चा हुई।
विश्वसनीय सूत्रों की मानें तो हार की जवाबदेही तय करने की प्रक्रिया जल्द शुरू हो सकती है। इसी क्रम में दतिया भाजपा जिला कार्यकारिणी को भंग करने पर भी विचार किया जा रहा है। संगठन में बड़े स्तर पर फेरबदल और कई पदाधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव की संभावना जताई जा रही है।
बैठक में भविष्य की चुनावी रणनीति, संगठन को मजबूत करने और जिम्मेदारी तय करने जैसे मुद्दों पर भी विस्तार से मंथन हुआ। हालांकि पार्टी की ओर से अब तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। ऐसे में कार्यकारिणी भंग होने और संगठनात्मक बदलाव की चर्चाएं फिलहाल सूत्रों के हवाले से ही सामने आ रही हैं।

