कुछ पल की देरी और बोर्ड इग्जाम में नो एंट्री: मिन्नतें करता रहा छात्र नहीं पसीजा SDM का दिल...छात्र की साल भर की मेहनत खराब

Tuesday, Feb 10, 2026-03:53 PM (IST)

दतिया : मध्यप्रदेश में आज से 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। परीक्षा को लेकर सख्ती के बीच दतिया जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां एक छात्र को परीक्षा केंद्र पर पहुंचने के बावजूद प्रवेश नहीं दिया गया, जिसके चलते वह परीक्षा से वंचित हो गया।

PunjabKesari

पिपरौआ कला परीक्षा केंद्र का मामला

यह मामला दतिया जिले के भांडेर ब्लॉक स्थित पिपरौआ कला परीक्षा केंद्र का है। जानकारी के अनुसार छात्र अनमोल अपने प्रवेश पत्र में दिए गए समय के अनुसार परीक्षा केंद्र पहुंचा था। छात्र का कहना है कि वह प्रश्न पत्र वितरण से पहले ही केंद्र पर पहुंच गया था, बावजूद इसके उसे परीक्षा हॉल में प्रवेश नहीं करने दिया गया।

SDM ने नहीं दी अनुमति

मौके पर मौजूद एसडीएम ने छात्र को लेट आने का हवाला देकर प्रवेश से इंकार कर दिया। परिजनों ने काफी अनुनय-विनय की, लेकिन अधिकारी अपने फैसले पर अड़े रहे। नतीजतन छात्र को परीक्षा दिए बिना ही वापस लौटना पड़ा।

PunjabKesari

20 किलोमीटर दूर था परीक्षा केंद्र

बताया जा रहा है कि छात्र का परीक्षा केंद्र दतिया से करीब 20 किलोमीटर दूर स्थित था। दूरी और परिवहन व्यवस्था के चलते छात्र कुछ मिनट देरी से केंद्र पहुंचा, लेकिन प्रश्न पत्र बंटने से पहले उसकी उपस्थिति के बावजूद प्रशासन ने उसे अंदर नहीं जाने दिया।

वीडियो भी आया सामने

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें छात्र और उसके परिजन परीक्षा में बैठने की गुहार लगाते नजर आ रहे हैं। परीक्षा से वंचित होने के कारण छात्र का एक साल बर्बाद हो गया है, हालांकि नियमों के तहत उसे सप्लीमेंट्री परीक्षा का अवसर मिल सकता है। इस घटना ने परीक्षा नियमों की सख्ती और मानवीय संवेदनशीलता के बीच संतुलन को लेकर एक बार फिर बहस छेड़ दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News