Punjab Kesari MP ads

अजब पंचायत का गज़ब कारनामा! मोबाइल रिचार्ज के नाम पर सचिव-सरपंच ने डकारे 36 हजार, SDM ने दिया नोटिस

Friday, Feb 06, 2026-10:43 PM (IST)

डिंडौरी: आदिवासी बहुल जिले डिंडौरी की ग्राम पंचायतों में अनियमितताओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। पहले बीडी, लड्डू और डीज़ल-पेट्रोल के नाम पर लाखों रुपये के बोगस बिल सामने आए थे, अब मोबाइल नेट रिचार्ज के नाम पर कुल 36 हजार रुपये का एडवांस भुगतान करने का मामला प्रकाश में आया है।

36 हजार का एडवांस रिचार्ज:

बजाग जनपद की ग्राम पंचायत शोभापुर के सरपंच और सचिव ने साठगांठ कर गाडासरई की ज्योति ऑनलाइन मोबाइल दुकान संचालक अमित कुमार साहू के खाते में ऑनलाइन भुगतान कर दिया। जानकारी मिली है कि ये भुगतान एडवांस महीनों के लिए किया गया था। सोशल मीडिया पर इस भुगतान का एक हजार रुपये प्रति माह का बिल वायरल हो रहा है।

दो बिल एक ही दिन जारी:

इस मामले में दो बिलों की चर्चा हो रही है – एक 16 हजार रुपये, और दूसरा 20 हजार रुपये का, दोनों 9 जनवरी 2026 को जारी किए गए। नियम के अनुसार, रोजगार सहायक को केवल मनरेगा खाते से प्रतिमाह एक हजार रुपये मिलते हैं, लेकिन इस बार 15वें वित्त के खाते से एडवांस राशि निकाल ली गई।

बिलों में साल नहीं लिखा:

अनोखी बात यह है कि बिलों में महीनों के सामने वर्ष का उल्लेख नहीं किया गया, ताकि गड़बड़ी छुपाई जा सके। बिल देखकर लगता है कि पंचायत ने आने वाले तीन सालों का नेट रिचार्ज एडवांस में कर दिया हो।

दुकानदार की प्रतिक्रिया:

ऑनलाइन दुकान संचालक अमित साहू ने कहा कि पंचायत सचिव और रोजगार सहायक उनके दुकान से पहले बिल भरकर लेते थे। बाद में उन्होंने मनमाने तरीके से राशि का आहरण कर लिया।

पहले भी ऐसे मामले:

डिंडौरी की ग्राम पंचायतों में पहले भी बोगस बिल और अनियमितताओं के मामले सामने आते रहे हैं, लेकिन कड़ी कार्रवाई न होने के कारण यह खेल जारी है। SDM ने मामले में नोटिस जारी कर जांच शुरू कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News