बिजली कंपनी का कारनामा! बिना कनेक्शन दिव्यांग को भेजा 1.76 लाख का बिल, बंदूकधारी गार्ड बिठाया
Tuesday, Feb 03, 2026-06:03 PM (IST)
भोपाल (इजहार खान) : भानपुर जोन अटल नेहरू नगर में रहने वाले हाफिज सईद के परिवार के साथ बिजली कंपनी अमानवीय व्यवहार करने के कारण चर्चा में है। हाफिज सईद दिव्यांग है एवं अपनी दिव्यांग पत्नी के साथ जिस मकान में रहते हैं। उस मकान के नाम पर बिजली कंपनी ने 1.76 लाख का बिल भेज दिया है। बिजली कंपनी का तर्क है कि इतने सालों तक बगैर कनेक्शन आसपास के लोगों से कनेक्शन लेकर इस्तेमाल किया गया। इसलिए अब परिवार के खिलाफ चालान प्रस्तुत किया गया है।

परिवार का तर्क है कि उनके घर में बिजली मीटर नहीं था। इसके बावजूद बिजली कंपनी उनके खिलाफ लाखों रुपए जमा करने का दबाव बना रही है। बंदूकधारी गार्ड को दरवाजे पर बिठा दिया गया है ताकि किसी से कोई मदद भी नहीं ले सके। बिजली कंपनी की इस मनमानी की शिकायत मिलने के बाद कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे। कांग्रेस ने इस मामले में गांधीगिरी करते हुए बंदूक लेकर खड़े हुए गार्ड को फूल माला पहनाकर विरोध स्वरूप उसका स्वागत किया और परिवार की जान बख्शने की भीख मांगी।
शुक्ला ने आरोप लगाया कि गरीब परिवारों के साथ नरेला विधानसभा क्षेत्र में बिजली कंपनी के इंजीनियर प्रतिदिन अमानवीय एवं अशोभनीय व्यवहार कर रहे हैं। निर्धन परिवार किस तरह से लाखों रुपए का बिल जमा करेंगे, इसका जवाब सरकार को देना चाहिए। भारतीय जनता पार्टी की सरकार गरीबों का वोट लेकर सरकार बना रही है और उनके साथ चुनाव जीत जाने के बाद ऐसा व्यवहार किया जा रहा है जिसकी कांग्रेस द्वारा निंदा की जाती है।

