सिंधिया-केपी यादव के समर्थकों में रार! सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वाले नेता को पार्टी ने किया निष्कासित
Tuesday, May 19, 2026-08:05 PM (IST)
गुना (मिस्बाह नूर) : भारतीय जनता पार्टी के गुना संगठन ने सोशल मीडिया पर पार्टी विचारधारा के विरुद्ध लगातार की जा रही गतिविधियों को गंभीरता से लेते हुए पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला महामंत्री चंद्रपाल किरार (बंटी) को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया है। भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सिकरवार के निर्देश पर चंद्रपाल किरार पर ये कार्रवाई की गई है।

दरअसल, गुना भाजपा में पिछले काफी समय से केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष केपी यादव के समर्थकों के बीच फेसबुक और व्हाट्सएप पर एक-दूसरे के खिलाफ लगातार टिप्पणियां की जा रही थी। इसी को लेकर पार्टी की छवि खराब होते देख स्थानीय संगठन जिला महामंत्री रवींद्र रघुवंशी ने पार्टी संगठन के निर्देश पर 16 मई को चंद्रपाल किरार को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। हालांकि नोटिस में केपी यादव और सिंधिया समर्थकों में गुटबाजी का जिक्र नहीं किया गया था। लेकिन नोटिस में आरोप लगाया गया था कि किरार लगातार सोशल मीडिया पर पार्टी विरोधी और अमर्यादित टिप्पणियां कर रहे हैं। संगठन ने उन्हें अपना पक्ष रखने के लिए 3 दिन का समय दिया था। लेकिन भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सिकरवार द्वारा जारी नोटिस में उल्लेख किया गया है कि सूचना पत्र जारी होने के बाद भी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला महामंत्री चंद्रपाल किरार के द्वारा सोशल मीडिया पर लगातार पार्टी विरोधी गतिविधियां की जा रही थीं, जिससे संगठन की छवि धूमिल हो रही थी। प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार यह कार्रवाई संगठन की मर्यादा, सभ्यता एवं पार्टी के प्रति अनुशासित आचरण बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है। भाजपा सदैव संगठन हित को सर्वोपरि मानते हुए अनुशासनहीनता के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति पर कार्य करती है।

नोटिस में उल्लेख किया गया है कि संबंधित पदाधिकारी पिछले काफी समय से सोशल मीडिया पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त हैं जिससे संगठन की छवि धूमिल हो रही है। यह कार्रवाई तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है तथा इसकी जानकारी प्रदेश नेतृत्व एवं संबंधित पदाधिकारियों को भी प्रेषित कर दी गई है।

