शराब के नशे में सड़क किनारे मिले बॉयफ्रेंड-गर्लफ्रेंड, परिजनों ने साथ ले जाने से किया इनकार
Wednesday, Jul 08, 2026-07:23 PM (IST)
सिंगरौली। जिले के बरका चौकी क्षेत्र के पुरैल गांव में बुधवार दोपहर उस समय लोगों की भीड़ जुट गई, जब मुख्य सड़क के किनारे एक युवक और युवती नशे की हालत में पड़े मिले। राहगीरों ने दोनों को इस स्थिति में देखा तो आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसकी इलाके में व्यापक चर्चा हो रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ग्रामीणों द्वारा पूछताछ किए जाने पर युवक ने शुरुआत में युवती को अपनी रिश्तेदार बताया। हालांकि, लगातार सवाल पूछने पर उसने स्वीकार किया कि दोनों एक-दूसरे को जानते हैं और युवती उसके साथ घर छोड़कर आई थी।
ग्रामीणों का कहना है कि युवक ने शराब का सेवन किया था और युवती ने भी नशा किया, जिसके बाद दोनों सड़क किनारे बेसुध अवस्था में पड़े मिले। सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए और काफी देर तक वहां लोगों का जमावड़ा लगा रहा।
मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने दोनों के परिजनों से संपर्क किया। सूचना मिलने पर परिवार के सदस्य वहां पहुंचे, लेकिन युवक और युवती की इस स्थिति से नाराज होकर उन्हें अपने साथ ले जाने से इनकार कर दिया। इस दौरान करीब एक घंटे तक घटनास्थल पर चर्चाओं का दौर चलता रहा। बाद में स्थिति सामान्य होने पर लोग अपने-अपने घर लौट गए।
उधर, बरका चौकी पुलिस का कहना है कि इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित या मौखिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। चौकी प्रभारी नरेंद्र सिंह के अनुसार, शिकायत प्राप्त न होने के कारण पुलिस की ओर से कोई वैधानिक कार्रवाई नहीं की गई है।
फिलहाल, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि यदि भविष्य में कोई शिकायत प्राप्त होती है, तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

