कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई की चल थी तैयारी कि अचानक शख्स ने माचिस निकाल खुद पर डाला पेट्रोल,मच गई सनसनी

Tuesday, Feb 03, 2026-02:51 PM (IST)

छतरपुर (राजेश चौरसिया): छतरपुर जिले में मंगलवार को होने वाली कलेक्ट्रेट की जनसुनवाई में उस समय हड़कंप मच गया जब जमीन विवाद से परेशान एक वृद्ध ने खुद पर पेट्रोल डाल लिया। वृद्ध आत्मदाह करने की तैयारी कर ही चुका था, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद जनसुनवाई स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

PunjabKesari

जानकारी के अनुसार, लवकुशनगर अनुभाग क्षेत्र के बछरोन गांव निवासी वृद्ध अपने जमीनी विवाद को लेकर आवेदन देने जनसुनवाई में पहुंचा था। वृद्ध का आरोप है कि वह पिछले तीन वर्षों से अपनी जमीन के मामले में सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहा है, लेकिन अब तक उसे कोई न्याय नहीं मिला। बार-बार आवेदन देने और अधिकारियों से गुहार लगाने के बावजूद सुनवाई न होने से वह मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गया था।

जनसुनवाई के दौरान अचानक वृद्ध ने अपने ऊपर पेट्रोल डाल लिया और माचिस की तीली निकाल ली। यह देखकर आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। कुछ लोगों ने तुरंत हिम्मत दिखाते हुए वृद्ध के हाथ से माचिस और पेट्रोल की बोतल छीन ली, जिससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने वृद्ध को शांत कराया और पूरे मामले की जानकारी ली। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जमीन विवाद लंबे समय से चला आ रहा है और वृद्ध खुद को बेबस महसूस कर रहा था।

वहीं, इस घटना ने एक बार फिर जनसुनवाई और शिकायत निवारण व्यवस्था की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।  जनसुनवाई में भी आम लोगों को न्याय नहीं मिल रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Desh sharma

Related News