मशहूर कथा वाचक कांग्रेस में शामिल, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने दिलाई सदस्यता
Friday, Mar 20, 2026-02:07 PM (IST)
भोपाल। मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध संत कथा वाचक मोहित नागर ने आज कांग्रेस का दामन थाम लिया। उन्हें प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान नागर ने अपनी बात रखते हुए आदिवासी समाज को लेकर बड़ा बयान दिया।
मोहित नागर ने कहा कि आदिवासी समाज सनातन परंपरा का अभिन्न हिस्सा है और वे हिंदू धर्म के अनुयायी हैं। उन्होंने यह भी बताया कि वे अब तक हजारों आदिवासियों को दीक्षा दे चुके हैं और आदिवासी क्षेत्रों में नियमित रूप से भागवत कथाएं करते हैं। उन्होंने रामायण का उल्लेख करते हुए कहा कि मां शबरी ने भी भगवान श्रीराम का इंतजार किया था, जो सनातन संस्कृति की गहराई को दर्शाता है।
वहीं, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने कहा कि मोहित नागर ने अपनी पीड़ा साझा की है और किसी भी समाज में कट्टरता सकारात्मक नहीं होती। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा कट्टर हिंदुत्व के नाम पर नफरत फैलाने का काम कर रही है। कांग्रेस में शामिल होने के बाद मोहित नागर ने कहा कि वे अब मंच से अपने विचार और संदेश को और मजबूती से लोगों तक पहुंचाएंगे।

