Punjab Kesari MP ads

बेटे की मौत के बाद बहू का पुनर्विवाह कराया, ससुर ने पिता बनकर किया कन्यादान; MP में रिश्तों की अनूठी मिसाल की पेश

Friday, Jul 10, 2026-04:33 PM (IST)

उज्जैनः मध्यप्रदेश के उज्जैन से मानवता, संवेदनशीलता और सामाजिक बदलाव की एक प्रेरणादायक तस्वीर सामने आई है। यहां एक परिवार ने बेटे की मौत के बाद अपनी विधवा बहू को बेटी का दर्जा देकर उसका पूरे रीति-रिवाज से पुनर्विवाह कराया। इतना ही नहीं, ससुर ने पिता की भूमिका निभाते हुए कन्यादान किया और शादी का पूरा खर्च भी स्वयं उठाया।

PunjabKesari

उज्जैन के जेथल निवासी दिनेश बैरागी के बेटे कपिल बैरागी की शादी वर्ष 2018 में विदिशा की प्रियंका से हुई थी। वर्ष 2021 में कपिल को पैर में कैंसर का पता चला। करीब दो साल तक इलाज चलने के बाद 6 जून 2023 को उनका निधन हो गया। पति की मौत के बाद प्रियंका अपने ससुराल में ही रह रही थीं। बहू के भविष्य को देखते हुए सास-ससुर ने उसका जीवन दोबारा बसाने का फैसला किया।

PunjabKesari

परिवार ने प्रियंका का रिश्ता विदिशा निवासी गोविंद से तय किया और भोपाल के एक रिसॉर्ट में पूरे रीति-रिवाज के साथ विवाह संपन्न कराया। शादी में दोनों परिवारों के रिश्तेदार और समाज के लोग शामिल हुए। सबसे भावुक पल तब आया, जब दिनेश बैरागी ने अपनी बहू नहीं, बल्कि बेटी मानकर उसका कन्यादान किया। विवाह समारोह पर करीब 7 लाख रुपये खर्च किए गए, 400 से अधिक मेहमानों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई और गृहस्थी का आवश्यक सामान भी भेंट किया गया।

दिनेश बैरागी का कहना है, "बहू बनाकर लाया था, बेटी बनाकर विदा करूंगा।" वहीं, प्रियंका के पिता ने इस कदम को समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि हर बेटी को ऐसा सम्मान और अपनापन मिलना चाहिए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News