MP में वरिष्ठ अधिकारी की बेटी स्कूल से अचानक लापता, परिवार समेत स्कूल प्रबंधन में मचा हड़कंप
Friday, Jul 10, 2026-01:25 PM (IST)
ग्वालियर (अंकुर): मध्यप्रदेश के ग्वालियर में एक एयरफोर्स अधिकारी की 12 साल की बेटी स्कूल से अचानक लापता हो गई। जिससे परिवार और स्कूल प्रबंधन में हड़कंप मच गया। बच्ची ने टीचर से झूठ बोलकर स्कूल से बाहर जाने की परमीशन ली और दूसरी स्कूल बस में बैठकर निकल गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और लोकेशन ट्रेसिंग की मदद से महज चार घंटे के अंदर बच्ची को करीब सात किलोमीटर दूर हाईवे से सकुशल बरामद कर लिया।
दरअसल, यह पूरा मामला ग्वालियर के महाराजपुरा थाना क्षेत्र के स्कूल का है। जहां सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली 12 वर्षीय छात्रा छुट्टी के बाद अपनी स्कूल बस में बैठने के बजाय दूसरी बस में सवार होकर बाहर निकल गई। उसने टीचर से कहा कि उसके माता-पिता सूर्य मंदिर गए हैं और वह भी वहीं जा रही है। जब टीचर ने परिजनों से संपर्क करने के लिए मोबाइल नंबर मांगा, तो छात्रा ने गलत नंबर लिख दिया। कॉल करने पर सच्चाई सामने आई और तुरंत स्कूल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही महाराजपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्कूल सहित आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। जांच के दौरान छात्रा का बैग जड़ेरुआ बांध के पास मिला। जिससे पुलिस ने तलाशी का दायरा बढ़ाया। लगातार लोकेशन ट्रेस और सीसीटीवी के आधार पर पुलिस टीम ने करीब चार घंटे की तलाश के बाद महाराजपुरा क्षेत्र के जहांगीरपुर हाईवे से छात्रा को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार छात्रा सुरक्षित है और उसे उसके परिजनों को सौंप दिया गया है। समय रहते स्कूल प्रबंधन द्वारा सूचना देने और सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बच्ची को सुरक्षित तलाश लिया। फिलहाल, पुलिस यह भी पता लगा रही है कि छात्रा स्कूल से अकेले क्यों निकली और उसके पीछे क्या वजह थी।

