Punjab Kesari MP ads

"पांच विषय के 5000 दो, वरना प्रैक्टिकल में नंबर काट दूंगी", गुना में टॉपर छात्रा का प्राचार्य पर रिश्वत मांगने का आरोप

Wednesday, Apr 22, 2026-01:37 PM (IST)

गुना (गौरव शर्मा): एमपी के जिला गुना में से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई में मंगलवार को पहुंची एक मेधावी छात्रा ने शासकीय स्कूल की प्राचार्य पर रिश्वत मांगने और द्वेषवश प्रैक्टिकल में कम नंबर देने के गंभीर आरोप लगाए। कलेक्टर को दिए आवेदन में छात्रा ने न्याय की गुहार लगाई है।

जानिए क्या है पूरा मामला

कलेक्टर को दिए आवेदन में चांचौड़ा तहसील के बरखेड़ा खुर्द स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्रा कुमारी महक शर्मा पिता मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि उसने कक्षा 12वीं वर्ष 2025-26 में 69.2% अंकों के साथ विद्यालय टॉप किया है। वर्ष 2023-24 में 10वीं में भी वह पूरे गांव में अव्वल रही थी। आरोप है कि प्राचार्य उषा कुशवाह ने उसे प्रोजेक्ट कार्य में सबसे कम 10-11 नंबर दिए, जबकि कक्षा के 24-25 छात्र-छात्राओं में फेल हुए विद्यार्थियों को भी 18 से 20 अंक तक दिए गए हैं।

'पैसे नहीं दिए तो नंबर काट दूंगी'
  
छात्रा ने आवेदन में लिखा कि प्राचार्य उसे सालभर से परेशान कर रही थीं। परीक्षा से 15-16 दिन पहले प्राचार्य ने पांच विषयों के बदले 5000 रुपये की मांग की और धमकाया कि पैसे नहीं दिए तो प्रोजेक्ट में नंबर काट देंगी या प्राइवेट कर देंगी। छात्रा के अनुसार, उस समय 10-11 फीट दूर गांव का एक व्यक्ति भी मौजूद था जिसने यह बात सुनी। घर पर पिता को बताया तो उन्होंने मजाक समझकर ध्यान नहीं दिया। लेकिन रिजल्ट आने पर भेदभाव सामने आ गया।

मानसिक तनाव में छात्रा
  
महक ने लिखा कि रिजल्ट आने के बाद से वह ठीक से खाना नहीं खा पा रही, नींद नहीं आ रही। उसने मांग की है कि उसके प्रोजेक्ट की री-टोटलिंग किसी अन्य अधिकारी या शिक्षक से कराई जाए और स्कूल का रिकॉर्ड जांचा जाए। छात्रा ने यह भी लिखा कि यदि उसे कुछ होता है तो इसकी पूर्ण जिम्मेदारी प्राचार्य उषा कुशवाह की होगी। फिलहाल, कलेक्टर कार्यालय ने आवेदन लेकर जांच का आश्वासन दिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News