मेहमानों को दे दिया अपना पलंग, जमीन पर सोई महिला सरपंच को करैत ने डसा, नहीं बची जान
Friday, Sep 11, 2026-03:28 PM (IST)
सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को झकझोर दिया। ग्राम पंचायत बतौली की महिला सरपंच जगरमती पैकरा की सर्पदंश के बाद मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घर में मेहमान आए हुए थे, इसलिए जगरमती ने अपना पलंग उन्हें सोने के लिए दे दिया और खुद पति के साथ जमीन पर बिस्तर लगाकर सो गईं। इसी दौरान रात में करैत सांप ने उन्हें डस लिया। जगरमती पैकरा की उम्र करीब 48 वर्ष बताई जा रही है। गुरुवार रात परिवार के साथ भोजन करने के बाद सभी सोने चले गए थे। घर में मेहमानों के लिए जगह बनाने के दौरान जगरमती ने अपना बिस्तर छोड़ दिया। इसके बाद वह पति विशुन पैकरा के साथ कमरे में फर्श पर सो गईं। रात में इसी कमरे में मौजूद करैत सांप ने उन्हें अपना शिकार बना लिया।
अचानक बिगड़ी तबीयत, उल्टी के बाद बढ़ी चिंता
रात करीब ढाई बजे जगरमती की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। वह बेचैनी महसूस करने लगीं और कुछ ही देर में उन्हें उल्टी होने लगी। साथ ही पेट में तेज मरोड़ की शिकायत भी हुई। शुरुआत में परिवार को सर्पदंश का अंदाजा नहीं हुआ। उन्हें पेट की समस्या समझकर परिजन सामान्य तौर पर उनकी मालिश करने लगे। इसी दौरान शरीर पर सांप के काटने के निशान नजर आए। इसके बाद परिवार को अनहोनी की आशंका हुई और कमरे में सांप की तलाश शुरू की गई।
कमरे में मिला करैत, टब से ढककर अस्पताल ले गए
तलाशी के दौरान कमरे में करैत सांप दिखाई दिया। परिवार ने उसे एक टब से ढक दिया और बिना देर किए जगरमती को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के साथ एंटी स्नेक वेनम दिया।
हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन तत्काल उन्हें लेकर अंबिकापुर रवाना हुए, लेकिन अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने जांच कर जगरमती को मृत घोषित कर दिया।
सर्पदंश की पहचान में हुई देरी बनी बड़ी परेशानी
बताया जा रहा है कि जगरमती को सांप के काटने की जानकारी कुछ समय बाद हो सकी। तब तक विष का असर शरीर में तेजी से फैल चुका था। अस्पताल में उपचार और एंटी स्नेक वेनम दिए जाने के बावजूद उनकी हालत संभल नहीं सकी।
जगरमती की मौत की खबर मिलते ही बतौली ग्राम पंचायत में शोक की लहर दौड़ गई। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। जगरमती तीन बच्चों की मां थीं। उनके दो बेटों का विवाह हो चुका है, जबकि उनकी बेटी नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है। अचानक हुई इस घटना से परिवार गहरे सदमे में है।

