Punjab Kesari MP ads

पटवारी के ‘जूते बचाओ’ जुगाड़ पर बवाल! बुजुर्ग की पीठ पर सवार होकर पार किया नाला, ग्रामीणों में भारी आक्रोश

Wednesday, Sep 09, 2026-10:53 AM (IST)

सीधी  (सूरज शुक्ला):  जिले की ग्राम पंचायत माटा के हल्का क्षेत्र से एक शर्मनाक और अमानवीय मामला सामने आया है। यहां नाला पार करने के दौरान एक पटवारी द्वारा 65 वर्षीय बुजुर्ग की पीठ पर सवार होकर नाला पार करने की तस्वीर सामने आने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने इस घटना को बुजुर्ग की गरिमा और सम्मान के खिलाफ बताते हुए संबंधित पटवारी के विरुद्ध जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, तस्वीर में दिखाई दे रहा व्यक्ति पटवारी नीलेश नामदेव है। बताया गया कि नाला पार करते समय पटवारी बुजुर्ग ललबा केवट की पीठ पर सवार हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि संभवतः पटवारी अपने जूते खराब होने से बचाने के लिए बुजुर्ग की पीठ का सहारा लेकर नाला पार कर रहा था। हालांकि, घटना की वास्तविक परिस्थितियों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना की तस्वीर सामने आने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई। लोगों का कहना है कि 65 वर्षीय बुजुर्ग से इस तरह का व्यवहार करना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है।

ग्रामीणों ने कहा कि बुजुर्ग समाज के सम्मानित सदस्य होते हैं और उनके साथ गरिमापूर्ण व्यवहार किया जाना चाहिए। सरकारी पद पर रहते हुए किसी कर्मचारी द्वारा इस तरह का व्यवहार किए जाने का आरोप और भी गंभीर है। ग्रामीणों ने मामले को लेकर जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कराई है। इसके साथ ही कलेक्टर को आवेदन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने पर पटवारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन को वायरल तस्वीर और शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी बुजुर्ग या ग्रामीण के साथ इस तरह के व्यवहार की पुनरावृत्ति न हो।

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News