कलेक्टर के आदेश के बाद बड़ा एक्शन! अवैध कॉलोनी बसाने वालों पर FIR
Saturday, Apr 25, 2026-08:19 PM (IST)
ग्वालियर.(अंकुर जैन): मध्य प्रदेश के ग्वालियर में अवैध कॉलोनियों पर जिला प्रशासन का बड़ा एक्शन देखने को मिला है। कलेक्टर रुचिका चौहान के सख्त निर्देशों के बाद 21 कॉलोनाइजरों के खिलाफ अलग-अलग थानों में एफआईआर दर्ज की गई है। इससे पहले भी तीन कॉलोनाइजरों पर कार्रवाई हो चुकी है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि बिना अनुमति कॉलोनी काटने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
दरअसल, कलेक्टर न्यायालय में चल रहे प्रकरण के दौरान 51 कॉलोनाइजरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के आदेश जारी किए गए थे। इसी क्रम में पहले रविवार को तीन लोगों पर मामला दर्ज हुआ था, जबकि अब राजस्व अनुविभाग मुरार के अंतर्गत आने वाले 21 अन्य लोगों पर पुलिस कार्रवाई की गई है।
जानकारी के अनुसार ग्राम बेरजा, सुपावली, बरेठा, लक्ष्मणगढ़, करिगवा, धनेली, उदयपुर, सुनारपुरा खालसा और सिरोली में बिना सक्षम अनुमति के अवैध कॉलोनियां विकसित की गई थीं। इन मामलों में बिजौली थाना में 17 और महाराजपुरा थाना में 4 एफआईआर दर्ज कराई गई हैं।
जिला प्रशासन ने अवैध कॉलोनियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित जमीनों को चिन्हित कर लिया है। इतना ही नहीं, संबंधित खसरों के कॉलम नंबर 12 में यह भी दर्ज किया गया है कि यहां अवैध कॉलोनी विकसित की गई है, ताकि आम लोग किसी तरह की धोखाधड़ी का शिकार न हों।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने स्पष्ट किया है कि अवैध कॉलोनी निर्माण और जमीन के फर्जीवाड़े के खिलाफ आगे भी लगातार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध कॉलोनाइजरों में हड़कंप मच गया है।

