Rain Alert: 24 घंटे में बदला मौसम, कई जिलों में बारिश और ओलों से तबाही, इन जिलों में होगी बारिश
Friday, Mar 20, 2026-11:58 AM (IST)
भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन के सक्रिय होने से राजधानी भोपाल सहित आधे से ज्यादा प्रदेश में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी है। शुक्रवार को भी कई जिलों में बादलों की घेराबंदी के बीच रुक-रुक कर बारिश होती रही।
ओलों ने बढ़ाई किसानों की मुश्किलें
उज्जैन, पांढुर्णा, बैतूल, झाबुआ और बड़वानी में ओलावृष्टि ने फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। खेतों में खड़ी फसलें आंधी और बेमौसम बारिश की मार झेल रही हैं, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बौछारें दर्ज की गईं।
तापमान में गिरावट, पचमढ़ी सबसे ठंडा
बारिश और ठंडी हवाओं के चलते पूरे प्रदेश में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। पचमढ़ी में पारा 12.6°C तक लुढ़क गया, जो प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा। भोपाल में 16.6°C और इंदौर में 15°C न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ।
इन जिलों में असर
भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर, इंदौर, उज्जैन, सागर, सिवनी, मंडला, धार, रतलाम, शाजापुर, सतना, मुरैना, झाबुआ, बड़वानी समेत दो दर्जन से अधिक जिलों में तेज आंधी और बारिश का असर देखने को मिला।
अभी और बिगड़ेगा मौसम?
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, सक्रिय सिस्टम के कारण अगले 24 घंटों तक प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है।बेमौसम बारिश ने जहां मौसम को सुहावना बना दिया है, वहीं किसानों के लिए यह आफत बनकर आई है।

