राज्य में जल्द IPS तबादले! इन 5 बड़े जिलों के SP बदलेंगे, कभी भी जारी हो सकती है सूची
Monday, Mar 16, 2026-11:24 AM (IST)
भोपाल। मध्यप्रदेश में आईपीएस अधिकारियों के बड़े तबादले की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। गृह विभाग ने प्रस्तावित तबादला सूची तैयार कर ली है और औपचारिक प्रक्रिया पूरी होते ही इसे कभी भी जारी किया जा सकता है। त्यौहारी सीजन के चलते इसे कुछ समय के लिए रोक दिया गया था, लेकिन अब प्रशासनिक स्तर पर अंतिम मंथन चल रहा है। सूत्रों के मुताबिक इस बार 2020 बैच के पांच आईपीएस अधिकारियों को बड़ा मौका मिल सकता है। संभावना है कि इन्हें जिलों में पुलिस अधीक्षक (SP) की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। इससे पहले 2019 बैच के आईपीएस अधिकारियों को जिलों की कमान मिल चुकी है। वहीं कोर्ट के आदेश से प्रमोट होकर आईपीएस बने अधिकारियों को भी जिलों की जिम्मेदारी दिए जाने के संकेत हैं।
इन जिलों में बदल सकते हैं एसपी
प्रस्तावित सूची में करीब पांच जिलों में एसपी बदले जा सकते हैं। इनमें
शिवपुरी (अमन सिंह राठौर)
रीवा (शैलेंद्र सिंह चौहान)
ग्वालियर (धर्मवीर सिंह)
उज्जैन (प्रदीप शर्मा)
जबलपुर (संपत उपाध्याय)
शामिल बताए जा रहे हैं। इन जिलों में नए पुलिस अधीक्षकों की तैनाती होने की संभावना है।
डीआईजी बने अफसरों को मिलेगी नई जिम्मेदारी
हाल ही में कई आईपीएस अधिकारियों को डीआईजी पद पर प्रमोशन मिला है। इनमें खंडवा एसपी मनोज राय, रेल एसपी राहुल लोढ़ा, रेल एसपी जबलपुर सिमाला प्रसाद, भिंड एसपी असित यादव और धार एसपी मयंक अवस्थी शामिल हैं। प्रमोशन के बाद इन अधिकारियों को नई पोस्टिंग दी जाएगी। इसके अलावा रीवा एसपी शैलेंद्र सिंह चौहान, भोपाल डीसीपी विवेक सिंह, इंदौर डीसीपी कुमार प्रतीक और झाबुआ एसपी डॉ. शिवदयाल को भी इस साल एक जनवरी को डीआईजी पद पर प्रमोशन मिला है। इनके स्थान पर संबंधित जिलों में नए एसपी की नियुक्ति की जाएगी।
कभी भी जारी हो सकती है तबादला सूची
गृह विभाग में सूची को लेकर अंतिम स्तर पर मंथन जारी है। प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि प्रक्रिया पूरी होते ही आईपीएस अधिकारियों के तबादलों की सूची जारी कर दी जाएगी।

