MP में IPS तबादला सूची पर लगा ब्रेक, इस वजह से ट्रांसफर लिस्ट हुई होल्ड
Sunday, Mar 08, 2026-12:06 AM (IST)
(भोपाल): मध्यप्रदेश में चर्चित आईपीएस अफसरों की तबादला सूची फिलहाल अटक गई है।पहले कयास लगाए जा रहे थे कि विधानसभा सत्र खत्म होते ही ट्रांसफर लिस्ट जारी कर दी जाएगी, लेकिन अब इस पर ब्रेक लग गया है। दरअसल रंगपंचमी और ईद त्यौहार को देखते हुए गृह विभाग की तरफ से इस सूची को होल्ड पर रखा गया है। क्योकि त्यौहारी सीजन में तबादलों से व्यवस्था पर फर्क पड़ सकता है। इसलिए अब ये खबर सामने आ रही है कि तबादला सूची फिलहाल होल्ड कर दी गई है।
वहीं जो जानकारी है उसके अनुसार इस तबादला सूची में सबसे ज्यादा फायदा 2020 बैच के 5 आईपीएस अफसरों को होगा, जिन्हें जिलों में एसपी पोस्ट प्रदान की जाएगी। वहीं अब तक 2019 बैच के आईपीएस भी जिलों में एसपी पद पर आ चुके हैं। इसके अलावा कोर्ट आदेश से प्रमोटी आईपीएस बने अधिकारी भी जिले के एसपी बन सकते हैं।
सूत्रों के अनुसार, यह तबादला सूची लगभग दो सप्ताह से बनकर तैयार है और 2020 बैच के आईपीएस मयूर खंडेलवाल, सोनाक्षी सिन्हा, शियाज केएम, आनंद कलादगी और कृष्ण लालचंदानी को नए जिलों की कमान सौंपी जा सकती है। इसके अलावा 2016 बैच के प्रमोटी आईपीएस प्रकाशचंद्र परिहार, राजेंद्र वर्मा और अरुण मिश्रा को भी जिले में एसपी के पद पर भेजा जा सकता है।
हट सकते हैं इन जिलों के एसपी
प्रस्तावित सूची के अनुसार लगभग 20 जिलों में नए एसपी की पदस्थापना होगी। शाजापुर एसपी, शिवपुरी पुलिस अधीक्षक, डिंडौरी एसपी, मंडला एसपी , छतरपुर एसपी, बुरहानपुर एसपी, निवाड़ी एसपी, नीमच एसपी, दमोह एसपी सहित उज्जैन एसपी से लेकर जबलपुर एसपी को बदला जा सकता है।

