Punjab Kesari MP ads

MP से दिल्ली-मुंबई जाने वालों के लिए बड़ी खबर! रेलवे ने कई ट्रेनें रद्द, कई के बदले रूट

Friday, Jul 24, 2026-06:16 PM (IST)

भोपाल। मध्यप्रदेश से दिल्ली और मुंबई की ओर सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। मुंबई में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब रेलवे संचालन पर भी साफ दिखाई देने लगा है। जलभराव की वजह से पश्चिम रेलवे के कई अहम रेलखंड प्रभावित हुए हैं, जिसके चलते कई प्रमुख ट्रेनों को रद्द करना पड़ा है, जबकि कुछ ट्रेनों का मार्ग बदल दिया गया है। इसके अलावा कई ट्रेनें घंटों की देरी से अपने गंतव्य की ओर बढ़ रही हैं।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार मुंबई मंडल के भिलाड–बोरीवली सेक्शन में भारी जलभराव के कारण ट्रेनों का संचालन बाधित हुआ है। इसका सीधा असर भोपाल मंडल से होकर गुजरने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों पर भी पड़ा है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि स्टेशन के लिए निकलने से पहले अपनी ट्रेन का ऑनलाइन लाइव स्टेटस जरूर जांच लें, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।

इन चार ट्रेनों का संचालन रद्द

12909 बांद्रा टर्मिनस–हजरत निजामुद्दीन गरीब रथ एक्सप्रेस

12953 मुंबई सेंट्रल–हजरत निजामुद्दीन अगस्त क्रांति राजधानी एक्सप्रेस

12955 मुंबई सेंट्रल–जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस

22975 बांद्रा टर्मिनस–रामनगर एक्सप्रेस

दो ट्रेनों का बदला गया मार्ग

22633 त्रिवेंद्रम–हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस को दौंड–जलगांव–पालधी–उधना–सूरत मार्ग से चलाया जा रहा है।

09323 खड़की–इंदौर स्पेशल अब लोणावला–कर्जत–पनवेल–कल्याण–इगतपुरी–जलगांव–पालधी–सूरत मार्ग से संचालित होगी।

इन ट्रेनों पर भी पड़ा असर

कई प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनें 1 से 3 घंटे तक की देरी से चल रही हैं। इनमें जयपुर–बांद्रा, उदयपुर–बांद्रा, हिसार–बांद्रा, अमृतसर–बांद्रा, बीकानेर–बांद्रा, श्री माता वैष्णो देवी कटरा–बांद्रा और गांधीनगर कैपिटल–बांद्रा स्पेशल जैसी ट्रेनें शामिल हैं।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि मौसम सामान्य होने के बाद ही संचालन पूरी तरह पटरी पर लौट सकेगा। फिलहाल यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या NTES ऐप के माध्यम से ट्रेन का ताजा स्टेटस अवश्य जांच लें।

बारिश ने सिर्फ मुंबई की रफ्तार नहीं रोकी, बल्कि मध्यप्रदेश से दिल्ली और मुंबई जाने वाले हजारों यात्रियों की यात्रा योजनाओं पर भी असर डाल दिया है। ऐसे में बिना जानकारी के स्टेशन पहुंचना परेशानी बढ़ा सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News