Punjab Kesari MP ads

छत्तीसगढ़ में भारी बारिश के बीच अचानक खिसकी पहाड़ी, दहशत में लोग

Tuesday, Sep 29, 2026-12:32 PM (IST)

गरियाबंद : छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में लगातार बारिश के बीच देवभोग वन परिक्षेत्र के इंदा गांव के जंगल में पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा खिसकने से करीब आठ से 10 एकड़ वन क्षेत्र प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना वन कक्ष क्रमांक 1293 की है। प्रभावित क्षेत्र में बड़े पैमाने पर मिट्टी और पत्थरों का जमाव दिखाई दे रहा है। कई स्थानों पर पेड़ों की जड़ें जमीन से बाहर निकल आई हैं, जबकि विशाल चट्टानें अपने पुराने स्थान से खिसककर नीचे की ओर पहुंच गई हैं। इसके कारण पहाड़ी के एक हिस्से का स्वरूप पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है। लगातार बारिश के बीच हुई इस घटना के बाद क्षेत्र में दोबारा भूस्खलन की आशंका को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। पहाड़ी की ढलान पर भारी चट्टानों के जमा होने और कुछ स्थानों पर जमीन में दरारें दिखाई देने के कारण प्रभावित क्षेत्र का तकनीकी निरीक्षण महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि दोबारा भूस्खलन का खतरा कितना है, यह विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

घटना के बाद वन क्षेत्र में अतिक्रमण और खेती किए जाने संबंधी स्थानीय शिकायतों की भी चर्चा है। फिलहाल ऐसी गतिविधियों का भूस्खलन से कोई प्रत्यक्ष संबंध स्थापित नहीं हुआ है। भूस्खलन के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए बारिश की तीव्रता, मिट्टी की प्रकृति, पहाड़ी की संरचना और वन क्षेत्र की मौजूदा स्थिति सहित विभिन्न पहलुओं की जांच आवश्यक होगी। प्रभावित पहाड़ी और आसपास के इलाके की सुरक्षा को लेकर अब वन विभाग की जांच पर निगाहें टिकी हैं। मौके पर जमीन की दरारों, खिसकी चट्टानों और ढलान की स्थिति का आकलन किए जाने की जरूरत है। जंगल के निचले हिस्से में रहने वाले लोगों और वन्यजीवों की सुरक्षा को देखते हुए संवेदनशील हिस्सों में आवाजाही को लेकर भी सतकर्ता बरतने की आवश्यकता बताई जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News