होली पर धमधा में सख्ती! DJ-इवेंट पर पूरी तरह रोक, हुड़दंगियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
Friday, Feb 27, 2026-03:27 PM (IST)
धमधा (हेमंत पाल): होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के उद्देश्य से धमधा में प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी कड़ी में एसडीएम कार्यालय धमधा में शांति सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, ग्रामीण सरपंचों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक की अध्यक्षता सोनल डेविड (एसडीएम धमधा) ने की। उनके साथ चित्रा वर्मा (एसडीओपी धमधा), रामनारायण ध्रुव (थाना प्रभारी), तथा रचना अग्रवाल (बीएमओ) उपस्थित रहीं। डीजे और इवेंट पर सख्त रोक बैठक में एसडीएम सोनल डेविड ने स्पष्ट निर्देश दिए कि होली पर्व के दौरान किसी भी प्रकार के डीजे या सार्वजनिक इवेंट की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि त्योहार की आड़ में अव्यवस्था फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पुलिस प्रशासन को गुंडा निगरानी बदमाशों पर विशेष निगरानी रखने और आवश्यक होने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए, ताकि कानून-व्यवस्था की स्थिति निर्मित न हो।
एसडीओपी चित्रा वर्मा ने बैठक में कहा कि होली के दौरान यदि कहीं भी हुड़दंग, विवाद या अशांति की स्थिति उत्पन्न होती है तो नागरिक तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस के जवान पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहेंगे और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पेट्रोलिंग की जाएगी। थाना प्रभारी रामनारायण ध्रुव ने भी आश्वस्त किया कि असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।
जनप्रतिनिधियों की सहभागिता
बैठक में नगर पंचायत उपाध्यक्ष बिजेंद्र दानी, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष राजीव गुप्ता, रमन लाल यादव, नवीन जैन, पीयूष जैन, विमल पटेल, निर्मल जैन सहित पार्षद, पत्रकार, कोटवार, पंच एवं ग्रामीण सरपंच उपस्थित रहे।सभी ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया और नागरिकों से शांति व भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
बीएमओ रचना अग्रवाल ने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए बताया कि आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग भी तैयार है। प्राथमिक उपचार एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
बैठक का मुख्य उद्देश्य स्पष्ट रहा “शांति, सुरक्षा और सौहार्द के साथ होली मनाएं।” प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें, कानून का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। धमधा में इस बार होली रंगों के साथ-साथ प्रशासनिक सतर्कता के रंग में भी नजर आएगी।

