भाजपा का पावर हब बना इंदौर! एक साथ दिखे मंत्री, सांसद और प्रदेश प्रभारी, सुमित्रा महाजन भी आई नजर, खास रणनीति तैयार
Saturday, May 30, 2026-02:59 PM (IST)
इंदौर (सचिन बहरानी) : इंदौर में बीजेपी का जिला प्रशिक्षण वर्ग आज जोरदार तरीके से आयोजित हुआ, जिसमें संगठन मजबूती और आगामी राजनीतिक रणनीतियों पर खास फोकस रहा। शहर के एमआर-10 स्थित एचआर ग्रीन परिसर में हुए इस प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह और संभागीय संगठन प्रभारी रणवीर रावल के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

प्रशिक्षण वर्ग में अध्यक्षता पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन ने की। वहीं विशेष अतिथि प्रदेश प्रभारी और यूपी के वरिष्ठ नेता महेंद्र सिंह और संभागीय प्रभारी रणदीप सिंह रावल ने की। किस दौरान भारतीय जनता पार्टी के ध्वज का ध्वजारोहण किया गया साथ ही प्रदेश के विभिन्न विकास कार्यों को लेकर एक प्रदर्शनी भी लगाई गई थी जिसका शुभारंभ सभी माननीय अतिथियों ने किया। इस दौरान पहुंचे मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसका अनुशासन और जमीनी कार्यकर्ता होते हैं। आज का प्रशिक्षण केवल राजनीतिक दिशा नहीं देता, बल्कि यह हमें समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी याद दिलाता है। उन्होंने आने वाले समय में पार्टी को बूथ स्तर तक और मजबूत करने पर जोर दिया।
वहीं संभागीय संगठन मंत्री रणदीप सिंह रावल ने संबोधन में कहा कि इंदौर हमेशा संगठनात्मक गतिविधियों का केंद्र रहा है। यहां आयोजित प्रशिक्षण वर्ग न सिर्फ कार्यकर्ताओं को दिशा देता है, बल्कि प्रदेशभर में कार्यशैली का मानक भी तय करता है। उन्होंने मीडिया, सोशल मीडिया और जनसंपर्क के बदलते स्वरूप पर भी विस्तार से मार्गदर्शन दिया।

इस दौरान इंदौर सांसद शंकर लालवानी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सार्वजनिक परिवहन के वाहनों के इस्तेमाल को बढ़ावा देते हुए अपने घर से सिटी बस में सवार होकर कार्य्रकम स्थल तक पहुंचे। इससे पहले भी इंदौर में प्रादेशिक और संभागीय मीडिया प्रभारी तथा पैनलिस्टों का विशेष प्रशिक्षण आयोजित हो चुका है, जिसके बाद आज का जिला प्रशिक्षण वर्ग संगठनात्मक गतिविधियों की कड़ी को और मजबूत करता दिखा। प्रशिक्षण कार्यक्रम उत्साह, ऊर्जा और रणनीतिक संदेशों के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

