सरेआम पुलिसकर्मी की पिटाई, दूसरे की पत्नी संग घूमते रंगे हाथ पकड़ा गया, Video Viral
Friday, Feb 13, 2026-10:04 AM (IST)
Jabalpur Viral News: मध्यप्रदेश के जबलपुर में एक पुलिसकर्मी की सरेआम पिटाई का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दो युवक एक पुलिसकर्मी का कॉलर पकड़कर मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।
क्या है पूरा मामला?
बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मी शहर के सिविक सेंटर इलाके में एक महिला के साथ घूम रहा था। इसी दौरान महिला के पति ने दोनों को साथ देख लिया। आरोप है कि पति ने मौके पर ही अपने साले को बुलाया और फिर सड़क पर ही पुलिसकर्मी की जमकर पिटाई कर दी। घटना के दौरान वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई और किसी ने पूरी वारदात का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो अब वायरल हो चुका है।
अवैध संबंध का आरोप
सूत्रों के मुताबिक मामला कथित अवैध संबंध से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पुलिसकर्मी खुद को बचाने की कोशिश कर रहा है, जबकि दोनों युवक उसे पीटते नजर आ रहे हैं।
थाने पहुंचा मामला
मामला लार्डगंज थाना पहुंच गया है। पुलिस का कहना है कि यह दोनों पक्षों का व्यक्तिगत मामला है। फिलहाल दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर मचा बवाल
सरेआम पुलिसकर्मी की पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। सवाल उठ रहे हैं कि अगर वर्दीधारी ही ऐसे मामलों में फंसेंगे तो कानून व्यवस्था पर क्या असर पड़ेगा?

