RTO Bribery Case: महिला आरक्षक और एजेंट रिश्वत लेते गिरफ्तार, लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई
Wednesday, Mar 25, 2026-05:46 PM (IST)
जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। लोकायुक्त टीम ने परिवहन विभाग में पदस्थ महिला आरक्षक श्वेता अहिरवार और उसके साथी मोहित साहू को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों ने ट्रक छोड़ने के एवज में 4,500 रुपये की मांग की थी।
जानकारी के अनुसार, मुंबई निवासी ट्रक मालिक प्रशांत दत्तात्रेय जाघव के ट्रक को नागपुर-जबलपुर हाईवे पर रोका गया था। आरोप है कि ड्राइवर ने सभी वैध दस्तावेज दिखाने के बावजूद RTO स्टाफ ने ट्रक को छोड़ने के लिए अवैध रूप से पैसे की मांग की। परेशान होकर ट्रक मालिक ने मामले की शिकायत लोकायुक्त एसपी अंजूलता पटले से की।
शिकायत के आधार पर लोकायुक्त ने तुरंत एक टीम गठित की और शिकायत का सत्यापन कराया। इसके बाद ट्रैप की कार्रवाई करते हुए लोकायुक्त की टीम ने बरगी हाईवे पर दबिश दी और दोनों आरोपियों को रिश्वत लेते हुए मौके पर ही पकड़ लिया। इस कार्रवाई में निरीक्षक राहुल गजभिए, शशि मर्सकोले, बृजमोहन सिंह नरवरिया और जितेंद्र यादव की टीम शामिल रही।

