किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी! खातों में आएंगे ₹4000, लंबा इंतजार अब खत्म

Thursday, Mar 12, 2026-11:57 AM (IST)

भोपाल: मध्य प्रदेश के लाखों किसानों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य सरकार की मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना की 14वीं किस्त जल्द जारी होने की संभावना है। अगर यह किस्त केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की अगली किस्त के साथ आती है, तो किसानों के बैंक खातों में कुल ₹4,000 तक की राशि पहुंच सकती है।

जानकारी के मुताबिक, प्रदेश के करीब 82 से 83 लाख किसान इस योजना के लाभार्थी हैं और वे लंबे समय से 14वीं किस्त का इंतजार कर रहे हैं। दूसरी ओर केंद्र सरकार 13 मार्च को पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त जारी करने की तैयारी में है। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि इसके तुरंत बाद राज्य सरकार भी सिंगल क्लिक के जरिए किसानों के खातों में सीएम किसान योजना की राशि ट्रांसफर कर सकती है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, राज्य सरकार मार्च के अंत या अप्रैल के पहले सप्ताह में 14वीं किस्त जारी कर सकती है। हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है।

दरअसल, मध्य प्रदेश में जो किसान पीएम किसान योजना के तहत पंजीकृत हैं, वही मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना का लाभ भी प्राप्त करते हैं। इस योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल ₹6,000 की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से सीधे किसानों के बैंक खातों में तीन बराबर किस्तों में ₹2,000-₹2,000 करके भेजी जाती है।

अगर केंद्र और राज्य सरकार की दोनों योजनाओं की किस्तें लगभग एक साथ जारी होती हैं, तो प्रदेश के किसानों को एक साथ ₹4,000 की आर्थिक मदद मिल सकती है। फिलहाल किसान सरकार की आधिकारिक घोषणा का इंतजार कर रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News