किसानों के लिए खुशखबरी! इस दिन आएगी PM सम्मान निधि की 22वीं किस्त, खाते में पहुंचेंगे ₹2000
Wednesday, Mar 04, 2026-11:50 AM (IST)
PM Kisan Yojana: देशभर के करोड़ों किसानों के लिए राहत भरी खबर है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan) की 22वीं किस्त होली के बाद जारी होने की संभावना जताई जा रही है। माना जा रहा है कि मार्च के दूसरे सप्ताह में किसानों के बैंक खातों में ₹2000 की राशि ट्रांसफर की जा सकती है। हालांकि, सरकार की ओर से अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को सालाना ₹6000 की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि एकमुश्त नहीं, बल्कि ₹2000-₹2000 की तीन समान किस्तों में हर चार महीने के अंतराल पर सीधे बैंक खाते में भेजी जाती है। अब तक योजना की 21 किस्तें जारी हो चुकी हैं और किसान 22वीं किस्त का इंतजार कर रहे हैं।
मध्यप्रदेश के 81 लाख से ज्यादा किसान लाभार्थी
ताजा आंकड़ों के मुताबिक, मध्यप्रदेश में करीब 81 लाख 81 हजार 751 किसान इस योजना का लाभ ले रहे हैं। लेकिन सरकार अपात्र लाभार्थियों की पहचान को लेकर सख्त हो गई है। फरवरी 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले तीन वर्षों में प्रदेश के करीब 1.66 लाख किसानों के नाम पात्रता सूची से हटाए जा चुके हैं।
किस वजह से रुक सकती है किस्त?
अगर आप पात्र हैं, फिर भी तकनीकी कारणों से किस्त अटक सकती है। मुख्य कारण ये हैं—
ई-केवाईसी अधूरी होना
भू-सत्यापन न होना
बैंक खाते का आधार से लिंक न होना
गलत तरीके से लाभ लेना
ऐसी स्थिति में लाभार्थी का नाम पोर्टल से हटाया भी जा सकता है।
घर बैठे ऐसे करें e-KYC
जिन किसानों का मोबाइल नंबर आधार से लिंक है, वे pmkisan.gov.in पर जाकर ओटीपी के जरिए e-KYC पूरी कर सकते हैं। यह सबसे आसान और सुरक्षित तरीका है।
ऑफलाइन भी है विकल्प
जो किसान ऑनलाइन प्रक्रिया से परिचित नहीं हैं या जिनका मोबाइल नंबर अपडेट नहीं है, वे नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर जाकर बायोमेट्रिक के माध्यम से e-KYC करवा सकते हैं। इसके लिए मामूली शुल्क देना पड़ सकता है। सरकार किस्त जारी होने की सूचना आधिकारिक वेबसाइट और मीडिया के माध्यम से देती है। ऐसे में किसानों को सलाह है कि समय रहते सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर लें, ताकि किस्त जारी होते ही राशि सीधे उनके खाते में पहुंच सके।

