Rahul Gandhi का PM मोदी को चैलेंज- ''चुनौती देता हूं, US-India डील रद्द करके दिखाओ...'' Epstein Files पर भी बोले
Tuesday, Feb 24, 2026-05:17 PM (IST)
भोपाल: Bhopal में आयोजित ‘किसान महा चौपाल’ कार्यक्रम में कांग्रेस नेता Rahul Gandhi ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री Narendra Modi पर जमकर निशाना साधा। राष्ट्रीय सुरक्षा से लेकर अंतरराष्ट्रीय व्यापार समझौतों तक कई मुद्दों पर उन्होंने सरकार को सीधे कटघरे में खड़ा किया।
चीन मुद्दे पर सरकार को घेरा
राहुल गांधी ने पूर्व सेना प्रमुख M. M. Naravane की किताब का हवाला देते हुए दावा किया कि जब चीनी सेना भारतीय सीमा में घुस रही थी, तब सरकार की ओर से स्पष्ट निर्देश नहीं दिए गए। उन्होंने कहा कि किताब के अनुसार उस समय रक्षा मंत्री, एनएसए और विदेश मंत्री से संपर्क की कोशिश की गई, लेकिन तत्काल प्रतिक्रिया नहीं मिली।
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर सवाल
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि लोकसभा में उनके भाषण के बाद प्रधानमंत्री ने अमेरिका के साथ लंबित व्यापार समझौते को आगे बढ़ाया। उन्होंने दावा किया कि प्रस्तावित India-US Trade Deal से अमेरिकी कंपनियों को भारत में कृषि उत्पाद बेचने की अनुमति मिलेगी, जिससे भारतीय किसानों और टेक्सटाइल उद्योग को नुकसान हो सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत को अमेरिका से बड़े पैमाने पर आयात करना पड़ेगा, जिससे घरेलू उद्योग प्रभावित होंगे। राहुल ने सरकार पर दबाव में निर्णय लेने का आरोप लगाते हुए कहा कि ‘अगर साहस है तो इस जनविरोधी डील को रद्द करके दिखाएं।’
डेटा और वैश्विक प्रतिस्पर्धा का मुद्दा
राहुल गांधी ने कहा कि भारत के पास दुनिया में सबसे अधिक डेटा है और यह वैश्विक शक्ति संतुलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका-चीन प्रतिस्पर्धा के संदर्भ में भारत की स्थिति अहम है और सरकार को पारदर्शिता रखनी चाहिए।
‘एपस्टीन फाइल्स’ का जिक्र
राहुल गांधी ने अमेरिका में चर्चित ‘Epstein Files’ का उल्लेख करते हुए दावा किया कि कई दस्तावेज अभी सार्वजनिक नहीं हुए हैं। उन्होंने कुछ उद्योगपतियों और केंद्रीय मंत्री का नाम लेते हुए कहा कि सरकार को अपने संबंधों और निर्णयों पर स्पष्टता देनी चाहिए। रैली के अंत में राहुल गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संघर्ष के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसान और युवा दबाव में लिए गए फैसलों को स्वीकार नहीं करेंगे। भोपाल की इस रैली के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। आने वाले महीनों में केंद्र सरकार और कांग्रेस के बीच टकराव और बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।
भोपाल में जमकर गरजे राहुल गांधी

