केंद्रीय मंत्री शिवराज चौहान के बेटे और राहुल गांधी में छिड़ेगी जंग, इस मामले को लेकर राहुल को जारी हुआ था समन
Friday, Apr 03, 2026-06:55 PM (IST)
(भोपाल): केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बीच आने वाले दिनों में एक कानूनी लड़ाई देखने को मिलेगी। कार्तिकेय सिंह चौहान के राहुल गांधी के खिलाफ दायर मानहानि केस में नेता विपक्ष ने अब होईकोर्ट का रुख किया है। अब दोनों नेताओं के खिलाफ मध्यप्रदेश में कानूनी जंग छिड़ गई है जो आने वाले दिनों मे और गहरी होगी।
भोपाल MP-MPL कोर्ट ने राहुल गांधी को समन जारी किया था
दरअसल कार्तिकेय सिंह चौहान के द्वारा दायर मानहानि मामले में भोपाल MP-MLA कोर्ट ने राहुल गांधी को समन जारी किया था। इसी को लेकर अब राहुल गांधी ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है और कार्तिकेय के समन को चुनौती दी है। राहुल गांधी की इस चुनौती पर मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के जस्टिस प्रमोद कुमार अग्रवाल की बेंच में एक हफ्ते बाद सुनवाई होगी।
कार्तिकेय सिंह चौहान की ओर से दायर मानहानि केस पर भोपाल MP-MLA कोर्ट ने 03 फरवरी को समन जारी किया था और राहुल गांधी 10 अप्रैल को कोर्ट में मौजूद होने के निर्देश दिए थे। गौर करने वाली बात है कि पहले भी कोर्ट राहुल गांधी को दो बार समन जारी कर चुका था, ये तीसरी बार समन जारी हुआ था और अब वारंट जारी कर सकता था।
2018 विधानसभा चुनाव के दौरान झाबुआ में राहुल गांधी ने लगाया था आरोप
दरअसल साल 2018 में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान झाबुआ में प्रचार के दौरान राहुल गांधी ने शिवराज सिंह चौहान और उनके बेटे कार्तिकेय चौहान का नाम पनामा पेपर्स मामले में जोड़ा था। हालांकि बाद में राहुल गांधी ने शिवराज सिंह चौहान को लेकर बोले बयान का खंडन किया था लेकिन कार्तिकेय को लेकर कोई कुछ ज्यादा साफ नहीं किया था। इसी को लेकर कार्तिकेय ने भोपाल के एमपी एमएलए कोर्ट में राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का केस दायर किया। लिहाजा एमपी एमएलए कोर्ट से समन जारी होने के बाद राहुल गांधी की ओर से अब हाईकोर्ट में इसे चुनौती दी गई है।

