जयवर्धन सिंह का सिंधिया को तगड़ा झटका, कट्टर समर्थक की करवाई घर वापसी
Thursday, Aug 10, 2023-05:25 PM (IST)

गुना: विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा को तगड़ा झटका लगा है। कांग्रेस छोड़कर भाजपा में जाने वाले गुना-शिवपुरी लोकसभा में कोलारस के कद्दावर नेता, शिवपुरी जिला किसान कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा पूर्व जनपद सदस्य रघुराज सिंह धाकड़ ने घर वापसी की है। 2 महीने में सिंधिया को ये तीसरा झटका है। धाकड़ ने कमलनाथ की नीतियों से प्रभावित होकर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। सदस्यता ग्रहण करते समय रघुराज सिंह ने कहा कि वे कमलनाथ ही थे जिन्होंने लगातार 3 साल से बाढ़ तथा असमय बारिश के कारण सब कुछ गंवा चुके 27 लाख किसानों के कर्ज माफ कर दिए थे।
ज्योतिरादित्य सिंधिया के कट्टर समर्थक माने जाए वाले रघुराज सिंह राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह की सरल सहजता से बहुत प्रभावित थे। मूलरूप से धन्धेरा गांव के निवासी रघुराज सिंह के पिता भी वर्षों सरपंच रह कर जनसेवा करते रहे हैं। राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह के साथ जब रघुराज सिंह का काफिला भोपाल पहुंचा तो लगभग 350 गाड़ियों के काफिले ने हरेक को चौंकने पर मजबूर कर दिया। उनके साथ रन्नौद के कद्दावर समाजवादी नेता जयपाल सिंह भी मौजूद थे।
जयवर्धन और रघुराज सिंह धाकड़ के साथ लगभग 2 हज़ार लोग जब कमलनाथ के निवास पर पहुंचे तो वहां इतनी अधिक जनता हो गई हॉल में नहीं समा पाए। कमलनाथ के कहने पर समस्त जन को बाहर लॉन में बैठाने का प्रयास किया गया। लेकिन जब लॉन में भी जगह कम पड़ गई तो मजबूरन बाहर पार्किंग स्थल को भी उसमें जोड़ना पड़ा। इसके बाद सभी को वहां बैठाकर सदस्यता ग्रहण कराई गई।