Punjab Kesari MP ads

MP के इस जिले में पटाखों पर लगा प्रतिबंध! सिर्फ 2 घंटे मिलेगी आतिशबाजी की अनुमति, कलेक्टर का बड़ा आदेश

Friday, Nov 06, 2026-05:04 PM (IST)

खंडवा (मुश्ताक मंसूरी): मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में दीपावली और देवउठनी ग्यारस पर्व को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा, शांति और पर्यावरण संरक्षण के मद्देनजर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। जिले में चीनी पटाखों की बिक्री, परिवहन और भंडारण पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। वहीं, आतिशबाजी के लिए रात 8 बजे से 10 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। यानी लोग केवल दो घंटे ही पटाखे फोड़ सकेंगे।

खंडवा कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी ऋषव गुप्ता ने विस्फोटक अधिनियम, 1884 के तहत 3 जनवरी 2027 तक जिले की संपूर्ण राजस्व सीमा में प्रतिबंधात्मक आदेश लागू किए हैं। आदेश के अनुसार, बेरियम साल्ट से निर्मित पटाखों, लड़ियों यानी सीरीज वाले पटाखों और ई-कॉमर्स कंपनियों के माध्यम से ऑनलाइन बेचे जाने वाले पटाखों पर प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा धार्मिक चित्रों वाले पटाखों की बिक्री और उपयोग पर भी रोक लगाई गई है। प्रशासन ने घोषित साइलेंट जोन के 100 मीटर के दायरे में आतिशबाजी करने पर भी प्रतिबंध लगाया है।

प्रशासन ने शहर में पटाखों की बिक्री के लिए आईटीआई मैदान को अस्थायी पटाखा बाजार के रूप में निर्धारित किया है। सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग सिंह बहादुर ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा जारी की गई है, ताकि त्योहार के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना या दुर्घटना को रोका जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि रात 10 बजे के बाद पटाखे फोड़ने वालों और निर्धारित स्थान के अलावा गोदाम या अन्य जगहों से अवैध रूप से पटाखे बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि कहीं भी अवैध रूप से पटाखों की बिक्री होने पर तत्काल सूचना दें।

त्योहारी सीजन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर खंडवा पुलिस भी सतर्क है। एडिशनल एसपी आदित्य सिंघारिया ने बताया कि पटाखा बाजार सहित शहर के संवेदनशील स्थानों पर फिक्स्ड पिकेट्स लगाए गए हैं। पुलिस की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं। सभी पटाखा कारोबारियों को अपनी दुकानों पर अग्निशमन यंत्र, पानी और रेत से भरी बाल्टियां रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, कार्बाइड गन जैसे प्रतिबंधित उपकरणों की बिक्री पर भी पुलिस नजर रख रही है। बिना लाइसेंस पटाखों की बिक्री करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News