Punjab Kesari MP ads

पुलिस से बचने के लिए सलवार-सूट पहन महिला बनकर घूम रहा था बदमाश, ऐसे खुल गई पोल

Monday, Jun 22, 2026-06:25 PM (IST)

ग्वालियर। (अंकुर जैन): मध्यप्रदेश के ग्वालियर में दोस्ती, शराब और फिर खूनी वारदात का ऐसा मामला सामने आया है जिसने सभी को हैरान कर दिया। शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में दो दोस्तों ने अपने ही साथी पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर उसे मौत के मुंह में धकेलने की कोशिश की। लेकिन कहानी में सबसे बड़ा ट्विस्ट तब आया, जब पुलिस से बचने के लिए आरोपी महिला का भेष बनाकर अस्पताल पहुंच गया। हालांकि उसकी यह चाल ज्यादा देर नहीं चल सकी और पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के मुताबिक कंपू थाना क्षेत्र के गुढ़ागुढ़ी का नाका इलाके में मजदूरी का काम खत्म होने के बाद देवेंद्र मौर्य अपने साथियों धर्मेंद्र सिंह भदौरिया और पप्पू भदौरिया के साथ शराब पीने चला गया। रात करीब 3 बजे तीनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि धर्मेंद्र और पप्पू ने देवेंद्र पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। पेट, सीने, गर्दन और हाथ पर कई वार करने के बाद दोनों आरोपी उसे लहूलुहान हालत में छोड़कर फरार हो गए।

PunjabKesariगंभीर रूप से घायल देवेंद्र को उसकी पत्नी रचना ने तत्काल जयारोग्य अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के अगले दिन आरोपी धर्मेंद्र ने मामले को दबाने की कोशिश करते हुए रचना पर समझौते का दबाव बनाया और इलाज का पूरा खर्च उठाने का लालच दिया। लेकिन रचना ने समझदारी दिखाते हुए पूरी जानकारी पुलिस को दे दी।

इसके बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। रचना के जरिए आरोपी को समझौते के बहाने अस्पताल बुलाया गया। आरोपी को शक था कि पुलिस उसे पकड़ सकती है, इसलिए उसने सलवार-सूट पहनकर महिला का भेष बना लिया और अस्पताल पहुंच गया। लेकिन पुलिस की नजर उसकी चाल-ढाल पर पड़ गई और पहचान होते ही उसे दबोच लिया गया।

पुलिस ने आरोपी धर्मेंद्र सिंह भदौरिया को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका साथी पप्पू भदौरिया अभी भी फरार है। दोनों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू और आरोपी द्वारा पहना गया सलवार-सूट भी जब्त कर लिया है। फिलहाल फरार आरोपी की तलाश जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News