खेत में गिरी बिजली, दो लोगों की मौत, बकरी चरा रहे थे किसान
Friday, Jun 20, 2025-01:41 PM (IST)

शिवपुरी। (भूपेंद्र शर्मा): मध्य प्रदेश के शिवपुरी में खनियाधाना के ग्राम सिनावल देवरी में बकरी चरा रहे चार लोगों पर आकाशीय बिजली गिर गई। ये सभी चारों लोग खेत पर बकरी चराते समय पेड़ के नीचे बैठे थे। इस घटना में 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घटना की जानकारी तहसीलदार खनियाधाना को दी गई। दोनों झुलसे हुए लोगों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार की शाम खनियाधाना में तेज बारिश हुई। इस दौरान किसान खेत में बकरी चरा रहे थे तेज बारिश होने के कारण चारों लोग पेड़ के नीचे जाकर बैठ गए। इसी समय आकाशीय बिजली गिर गई। जिसमें मेवालाल और कैलाश की मौके पर ही मौत हो गई है। जबकि रामनिवास और रघुवर गंभीर रूप से घायल हो गए है।
घायलों को खनियाधाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। वहीं अधिकारियों ने मृतकों को आर्थिक सहायता देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।