महाकाल मंदिर के महानिर्वाणी अखाड़े के महंत का इस्तीफा, अचानक इस्तीफे से धार्मिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा का दौर
Thursday, Mar 19, 2026-10:35 PM (IST)
उज्जैन (विशाल ठाकुर): महाकालेश्वर मंदिर स्थित महानिर्वाणी अखाड़े के महंत गादीपति विनीत गिरी महाराज ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। गुरुवार को सामने आई इस खबर के बाद धार्मिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
महंत विनीत गिरी ने इस्तीफे के पीछे दिया स्वास्थय कारणों का हवाला
महंत विनीत गिरी ने स्वयं इस्तीफे की पुष्टि करते हुए बताया कि वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे हैं, जिसके चलते उन्होंने अखाड़े को अपना इस्तीफा भेजा है। हालांकि, अब तक महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से उनके इस्तीफे को लेकर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।
पिछले करीब 6 वर्षों से महाकाल मंदिर में संभाल रहे थे महंत की जिम्मेदारी
गौरतलब है कि विनीत गिरी पिछले करीब 6 वर्षों से महाकाल मंदिर में महंत की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। इससे पहले इस गादी पर महंत प्रकाश पुरी विराजमान थे, जिन्होंने भी स्वास्थ्य कारणों के चलते पद त्याग दिया था।
अखाड़े और मंदिर समिति के आगामी निर्णय पर सभी की नजरें टिकी
जानकारी के अनुसार, 12 मार्च 2020 को अखाड़े की अनुशंसा के साथ विनीत गिरी उज्जैन पहुंचे थे और उन्होंने तत्कालीन प्रशासक को पत्र सौंपा था। इसके बाद मंदिर प्रबंध समिति की बैठक में उनके नाम का अनुमोदन कर उन्हें महंत की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
अब उनके इस्तीफे के बाद एक बार फिर इस महत्वपूर्ण पद को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। अखाड़े और मंदिर समिति के आगामी निर्णय पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। लिहाजा धार्मिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

